चिड़ावा| कस्बे में कई वार्डों के गली-मोहल्लो के नालो-नालियों पर लगे टूटे और क्षतिग्रस्त फेरो कवर क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। गोशाला रोड पर शिवालय के पास और विवेकानंद चौक रोड पर शांति प्लॉजा के सामने बने नाले के क्रोस के दो-तीन फेरो कवर टूट जाने से यहां हर दिन छोटी-बड़ी दुर्घटना घटित होती है।
उपरोक्त दोनों मार्गों से सुबह-सुबह स्कूल पहुंचने की जल्दी में मिनि बसें, ऑटो टैंपो और दुपहिया वाहन खुले पड़े नाले में गिर पड़ते हैं। इलाके के लोगों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। चिड़ावा विद्या निकेतन शिक्षण संस्थान के सचिव सांवरमल हलवाई ने शिकायत करते हुए बताया कि नगरपालिका द्वारा लगवाए गए फेरो कवर की क्वालिटी घटिया और बनावट कमजोर होने से थोड़ा सा बोझ पड़ते ही वे टूट जाते हैं और कई दिनों तक बदले नहीं जाते।
पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने हाल ही पारित हुए बजट में फेरो कवर खरीद का प्रस्ताव लेने की जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाएगा।