झुंझुनूं। अखिल भारतीय किसान महासभा और राजस्थान ग्रामीण मजदूर संगठन राजस्थान निर्माण मजदूर संगठन की संयुक्त बैठक गुरूवार को यहां नेहरू पार्क में हुई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड फूलचंद ढेवा ने की, जिसके आरंभ में उपस्थित लोगों ने मौन धारण कर बालूराम डांगी को श्रद्धांजली दी।
बैठक को महासभा के राज्य संयोजक कामरेड रामचंद्र कुलहरि, जिलाध्यक्ष का. ओमप्रकाश झारोड़ा, महासचिव दुर्गाराम तिलोटिया, निर्माण मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष केहरसिहं, महामंत्री राजू लुहार, ग्रामीण मजदूर संगठन के जिला संयोजक राजेश मेघवाल, सूरजभान, अमरसिंह, सहीराम मांझू, प्रेमसिंह किढवाना, रत्तीराम राव, महासिंह और सुरेंद्रसिंह बख्तावरपुरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य में सत्तारूढ भाजपा सरकार पर किसानो-मजदूरों के हितों के खिलाफ काले कानून बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों के दबाव में आकर सरकार किसानों की जमीन और मजदूरों की रोजी-रोटी छीनने की साजिश रचकर कानूनों में संशोधन के नाम पर नए-नए अध्यादेश लाने की फिराक में है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून संशोधन अध्यादेश वापस लेने तथा किसानों-मजदूरों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 23 फरवरी को जिला मुख्यालय के गांधी पार्क से शुरू होने वाली रैली में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। बैठक में महासभा और मजदूर संगठनों के नए सदस्य बनाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर राजेंद्र तोलासेही, जयसिंह, गिरधारी, रामदेव, बाबूलाल, जगराम, भादरमल मेघवाल, राजेश, हरिओम, नरेंद्र, का. मंदरूप, रामप्रताप, हरवेंद्र सुभाष चाहर सहित विभिन्न गांवो से आए किसानों ने भाग लिया।