पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पोस्टर मुक्त झंुझुनूं शहर के लिए आगे आए स्कूली बच्चे

पोस्टर मुक्त झंुझुनूं शहर के लिए आगे आए स्कूली बच्चे

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झुंझुनूं। शहर की सुंदरता बचाने तथा पोस्टरों से मुक्ति पाने के लिए आखिरकार गुरुवार को बच्चे आगे आए। शहीद परमवीर पीरूसिंह स्मारक की सफाई का जिम्मा पीरूसिंह राजकीय माध्यमिक स्कूल के बच्चों ने उठाया।
वरिष्ठ अध्यापक विनोद शर्मा के नेतृत्व में छात्र सुबह स्मारक पर पहुंचे। पानी से स्मारक की दीवारों को गीला करके पोस्टर हटाए गए। स्मारक स्थल पर झाडू लगाकर मिट्टी कचरा हटाया गया। बच्चों ने शहीद की प्रतिमा एवं पूरे स्मारक स्थल को पानी से धोकर साफ किया।
बच्चों के तीन घंटे के प्रयास में ही पीरूसिंह स्मारक चमचमा उठा। बच्चों का प्रयास देख शहर के लोग स्कूल के संस्कार एवं अध्यापकों की शिक्षा को साधुवाद देते रहे। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक गोवर्धन सिंह, दुर्गाराम मोगा, मांगूराम, अभिषेक चौधरी आदि ने बच्चों को प्रेरित किया। सफाई करने वालों में संदीप, महेश, सलीम, आसिफ, राजू बेरवा आदि शामिल थे।
बच्चों ने दिखाई राह
शहर की सुंदरता के लिए बच्चों ने आगे बढ़कर राह दिखाई है। हम भी छोटे-छोटे प्रयास करें तो शहर की सुंदरता बनी रह सकती है। इसके लिए जरूरी है कि हम बच्चों को ऐसी शिक्षा संस्कार दें। उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराएं। सभी मिलकर लोगों को समझा कर दीवारों पर पोस्टर चिपकाने वालों को रोकें।
पोस्टरों ने बिगाड़ी सुंदरता
शहर के मुख्य स्थलों, सरकारी भवनों, स्कूल-अस्पतालों की दीवारें पोस्टरों से अटी हुई है। मार्ग सूचक बोर्ड भी पोस्टरों की भेंट चढ़ चुके हैं। ऐसे में शहर की सौंदर्यता को ग्रहण सा लग गया है। पालिका प्रशासन इस दिशा में मूकदर्शक बना हुआ है। ऐसे में शहर की सुंदरता का कोई रखवाला नहीं रहा।