सूरजगढ़ | वार्ड आठ स्थित नाथ आश्रम हनुमंत मंदिर का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव मंगलवार को शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। संत योगी सुंदरनाथ महाराज के सानिध्य में निकली शोभायात्रा जाखोद रोड, मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चिड़ावा रोड, स्टेशन रोड होते हुए आश्रम पहुंची। शोभायात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरूष बच्चों ने हिस्सा लिया।
संत की सवारी के आगे डीजे पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए महाराज के जयकारे लगाते चल रहे थे। जगह-जगह सवारी पर पुष्पवर्षा कर रहे थे।
शोभायात्रा में पूर्व चेयरमेन नरेश वर्मा, मा.नत्थुराम कटारिया, फूलचंद सूणिया, रामस्वरूप महाराज, पूर्णमल आदि शामिल हुए। रात्रि सत्संग में साधु संतों ने शब्द वाणी प्रवचन दिए। आश्रम में बुधवार को सुबह सवा नौ बजे धूणे में भोग लगने के बाद प्रसाद वितरण होगा।