कवि सम्मेलन तीन नवंबर को
कवि सम्मेलन तीन नवंबर को
भास्कर न्यूज | झुंझुनूं
चूरूबाइपास स्थित श्रीबंधे का बालाजी मंदिर में भागवत कथा के समापन पर तीन नवंबर शाम सात बजे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें ख्यातनाम कवि आमंत्रित किए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट के नरेशचंद्र गाडिया ने बताया कि साध्वी ऋतंभरा के सान्निध्य में होने वाली कथा के आखिरी दिन होने वाले कवि सम्मेलन में वीररस के कवि मेरठ के हरिओम पंवार, हास्य रस के लिए जाने-माने इंदौर के सत्यनारायण सत्तन, दिल्ली के डॉ. प्रवीण शुक्ला, हरियाणा के अरुण जेमिनी, सुनील जोशी, शृंगार रस की सुश्री कीर्ति काले, देशभक्ति वीररस के ओजस्वी कवि जयपुर के अब्दुल गफ्फार अलवर के प्रो. विनीत चौहान को आमंत्रित किया गया है।
सद्मार्गपर चलते हुए आगे बढ़ें छात्राएं : शर्मा
झुंझुनूं| मातृशक्ति की जिला संयोजक प्रमिला शर्मा ने कहा कि छात्राओं को सद्मार्ग पर चलते हुए आगे बढ़ना चाहिए। वे सोमवार को नेतराम मघराज टिबड़ेवाला राजकीय महिला कॉलेज में मातृशक्ति संगम कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। अध्यक्ष ममता शर्मा ने कन्या भ्रूण हत्या जैसे महापाप को रोकने में छात्राओं का आह्वान किया। उपाध्यक्ष मंजू चौहान ने संयुक्त परिवार की आवश्यकता बताई। पूर्व पार्षद रानी ठठेरा, सह संयोजिक संतोष बावलिया, नगर संयोजक सुमन शेखावत आदि ने भी विचार रखे। संचालन डॉ. अनिता चौधरी ने किया।
प्रौढ़दिवस पर सेमिनार कल
झुंझुनूं| ढूकियाहॉस्पिटल में प्रौढ़ दिवस पर बुधवार सुबह 10 बजे सेमिनार होगी। संचालक डॉ. संदीप ढूकिया ने बताया कि सेमिनार में वृद्धावस्था में होने वाली बीमारियों के कारण बचाव के बारे में बताया जाएगा। इसी तरह न्यू राजस्थान बालिका पीजी कॉलेज में मंगलवार को चिकित्सा परामर्श शिविर होगा। इसमें हिमोग्लोबिन की जांच की जाएगी।