साफ-सफाई में जुटी स्वयंसेविकाएं
झुंझुनूं | स्वच्छभारत अभियान को लेकर स्कूल-कॉलेजों में गतिविधियां तेज हो गई है। सेठ नेतराम मघराज टिबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस की तीनों इकाइयों का संयुक्त अभियान चलाकर साफ-सफाई की। कार्यक्रम अधिकारी सरोज नैनीवाल, डॉ. राजेश आर्य सुनीता मीणा के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं ने क्लास रूम कॉलेज परिसर की साफ-सफाई की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. जयलाल ने बताया कि स्वच्छता का हमारी संस्कृति में विशिष्ट महत्व है। इस दिशा में सजग रहकर ही हमारा देश विकास के पथ पर आगे बढ़ सकता है। इसी प्रकार जेबी शाह गर्ल्स पीजी कॉलेज में भी राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर लगाया गया। सचिव वीर बहादुर जैन ने समाज सेवा के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही। प्राचार्य डॉ. एसके सेवका ने कहा कि सफाई जैसी कार्यों के लिए हमें दूसरे पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की जानकारी दी और स्वयंसेविकाओं को श्रमदान के लिए प्रोत्साहित किया। एनएसएस प्रभारी मारिया सैनी सदस्य आशुतोष स्वामी के नेतृत्व में छात्राओं ने कॉलेज परिसर के भीतर बाहर की बस्तियों में साफ-सफाई की। स्वच्छता पर प्रश्नोतरी कार्यक्रम रखा गया। इसमें दिव्या विजेता रही।