अब होगी अस्पताल कार्यालयों की सफाई
स्वच्छभारत अभियान में मंगलवार को अस्पतालों में साफ-सफाई होगी। सीएमएचओ डॉ. एस.एन धौलपुरिया ने बताया कि कलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक की मौजूदगी में सुबह 10.30 बजे बीडीके अस्पताल परिसर की सफाई की जाएगी। इसी दिन जिले की सीएचसी, पीएचसी सब सेंटरों पर भी सफाई अभियान चलेगा। इसी क्रम में एक अक्टूबर को सभी सरकारी कार्यालयों में अभियान के तहत साफ-सफाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट में सोमवार को बिजली, पानी तथा मौसमी बीमारियों के रोकथाम के लिए आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. आरूषी मलिक ने कहा कि स्वच्छ भारत सप्ताह को एक मिशन के रूप में मनाएं। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को एक अक्टूबर को कार्यालयों में विशेष अभियान चलाकर सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को सरकारी ऑफिसों में आधे दिन का ही अवकाश रहेगा। इस दिन कार्यालयाध्यक्ष अपने कर्मचारियों को स्वच्छता जागरूकता संबंधी शपथ दिलाएंगे। इसी दिन शहर के गांधी चौक से नेहरू पार्क तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली जाएगी।