हवलदार नौरंगराम को सेना मेडल
चिड़ावा | सेनाकी 23 ग्रेनेडियर्स के हवलदार नौरंगराम चाहर को सेना मेडल (वीरता) से नवाजा गया है। उधमपुर बेस पर गुरुवार को आयोजित सैन्य समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। मूल रूप से चारावास निवासी हवलदार नौरंगराम ने जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में 23 अगस्त 2014 को आतंकी हलचल देख सैन्य दस्ते को सतर्क किया। विपरीत जमीनी हालात में 50 मीटर तक रेंगकर एक आतंकवादी को मार गिराया था। अपनी टुकड़ी को संभावित नुकसान से बचाने एवं अदम्य साहस के बलबूते आतंकी को मार गिराने पर हवलदार नौरंगराम को सेना मेडल प्रदान किया गया है। नौरंगराम के तीन बड़े भाई सूबेदार मेजर बूंटीराम, सूबेदार महिपालसिंह और सूबेदार हरिसिंह भी सैन्य सेवा में हैं। मेडल मिलने पर परिजनों और परिचितों ने मिठाई बांटी।