झुंझुनूं। शहर में शनिवार को पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा देने आए युवकों ने परीक्षा देकर लौटते समय बस स्टैंड सहित शहर में हुड़दंग भी मचाया। परीक्षा छूटते ही युवकों ने भाग-दौड़ मचा दी। बसों की छत पर बैठ गए। नीचे उतारने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बस स्टैंड पर एहतियात के तौर पर पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। भीड़ के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
10 बजते-बजते परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द वाहनों का जमावड़ा लगने लगा। जगह-जगह ट्रैफिक जाम होने लगा। सूचना पर यातायात पुलिस कर्मचारियों को केंद्रों के निकट तैनात किया गया। दोपहर तीन बजे जैसे ही पेपर छूटा, अचानक सड़क पर भीड़ हो गई। परीक्षा देने आए युवकों ने कई जगह हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया।
सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज के केंद्र पर अभ्यर्थियों का सामान रखने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा से लौटते ही युवकों ने संग्रहण केंद्र पर हो-हल्ला शुरू कर दिया। छह सीट वाले ऑटो रिक्शा में 14-14 युवा लद गए। हो-हल्ला और माहौल को देखकर ऑटो रिक्शा वाले भी ज्यादा विरोध नहीं कर सके। वाहनों की तादाद बढ़ने से जगह-जगह जाम लगता रहा और युवा हुड़दंग मचाते रहे।
मुकुंदगढ़. पांच केंद्रों पर परीक्षा हुई। डूंडलोद में छह केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा देने के लिए कई अभ्यर्थी शुक्रवार रात ही पहुंच गए। उन्होंने धर्मशालाओं अन्य स्थानों पर रात गुजारी। प्रशासन की सख्ती के चलते केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैग, पर्स, कागजात, पर्ची, घड़ी, मफलर, स्कार्फ, ब्लेजर, जैकेट सहित अन्य सामान बाहर रखवाए गए। कई अभ्यर्थी सेंटरों के बाहर दुकानों पर एनवक्त तक पारदर्शी पेन लेते देखे गए।
इसी प्रकार कई केंद्रों के बाहर दुकानों पर हुड़दंग मचाते अभ्यर्थी दूसरे का सामान भी उठाकर ले गए। जीबी मोदी स्कूल के सामने की दुकान पर भी ऐसा ही हुआ। परीक्षा देने आए अमित सुभाष का कपड़ों से भरा बैग दुकान से कोई उठाकर ले गया। कमोबेश ऐसी ही स्थिति रोडवेज बस स्टैंड की रही। बसों में जगह होने के बाद भी युवा चढ़ते रहे। कुछ युवकों ने बसों की छत पर चढ़ने की कोशिश की। इसके चलते कई बसों को स्टैंड पर ही रोक लिया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस का जाब्ता पहुंचा तो युवा काबू में आए। पुलिस की मौजूदगी में युवाओं को बसों की छत से उतारकर बसों को रवाना किया गया। देर शाम तक स्टैंड पर युवाओं की भीड़ लगी रही। यात्री भार को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की। रोडवेज के आगार प्रबंधन विक्रमसिंह सोलंकी भी व्यवस्था जमाने के लिए ऑफिस छोड़कर प्लेटफार्म पर निगरानी रखते देखे गए।
जाम में फंसकर रह गए अभ्यर्थी
शहर की सड़कें अतिक्रमण के कारण पहले से ही सिकुड़ी हुई हैं। यातायात बढ़ने से शनिवार को स्थिति और भी बदतर हो गई। शहर में जगह-जगह जाम लग गया। अभ्यर्थियों को लेकर आने वाली गाड़ियां और ऑटो रिक्शा जाम में फंसे रहे। इसके चलते कई अभ्यर्थी निर्धारित समय तक परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच सके। देरी होने के कारण उन्हें परीक्षा से वंचित भी रहना पड़ा।
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटोज...