झुंझुनूं। पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2015 शनिवार दोपहर 12 बजे शुरू होगी। निर्धारित समय के बाद अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा से एक घंटे पहले केंद्र खोले जाएंगे। अभ्यर्थी समय से पहले पहुंचकर चैकिंग की औपचारिकता पूरी करा सकेगा। जिले के 119 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 34 हजार 988 अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं एडीएम सुरेंद्र माहेश्वरी ने अभ्यर्थी को सुबह 10.30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंच सकते हैं। उन्हें जांच के बाद केंद्र में प्रवेश करने दिया जाएगा। जांच के बाद सुबह 11.40 बजे अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया जाएगा। परीक्षा से ठीक पांच मिनट पहले प्रश्न पत्र पुस्तिका और ओएमआर शीट दी जाएगी। कटी-फटी या कोई मिस प्रिंटिंग होने पर परीक्षा शुरू होने से पहले इन्हें बदलवाया जा सकेगा।
परीक्षा दोपहर 12 बजे शुरू हो जाएगी। इसके बाद किसी सूरत में अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा में प्रश्न पत्र हल करने के लिए पारदर्शी नीला पैन लेकर आना पड़ेगा। अन्य किसी प्रकार के पैन लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा में कान पर मफलर या स्कार्फ लगाने वाले, चश्मा पहनने वाले, कान पर हाथ रखकर पेपर हल करने वाले, बाथरूम में दो मिनट से अधिक समय लगाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
सुबह रवाना होंगे पेपर
पटवारी परीक्षा के लिए शनिवार सुबह पेपर रवाना होंगे। कोष कार्यालय में सुबह सात बजे से पेपरों की रवानगी शुरू हो जाएगी। दूरी वाले ब्लाक के पेपर पहले रवाना किए जाएंगे। सुबह 10 बजे तक हर केंद्र पर पेपर पहुंचा दिए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी डिप्टी कॉर्डिनेटर को सौंपी गई है। पेपर खोलने और वितरण करने संबंधी गतिविधियों की पूरी वीडियो रिकार्डिंग की होगी।
पुलिस प्रशासन के अधिकारी रखेंगे नजर
पटवारी भर्ती परीक्षा में कोई गड़बड़ हो, इसके लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को फ्लाइंग में लगाया गया है। कलेक्टर ने 23 फ्लाइंग दल गठित कर विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को कमान सौंपी है। ये फ्लाइंग दल परीक्षा से दो घंटे पहले ही फिल्ड पर निगरानी शुरू कर देंगे। इसी प्रकार पुलिस दल में डीएसपी, सीआई एवं एसआई को ड्यूटी देकर कानून व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है। परीक्षा केंद्र के सौ मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग भी वर्जित रखी गई है।
पटवारी भर्ती परीक्षा में आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र में कोई सामान नहीं रखने दिया जाएगा। कोट और हेलमेट तक भी केंद्र में नहीं रखने दिए जाएंगे। नोडल अधिकारी के अनुसार परीक्षार्थी अपने साथ लाने वाले सामान को रखने की व्यवस्था अपने स्तर पर ही करेगा। केंद्र के अंदर और इर्द-गिर्द कोई सामान नहीं रखने दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र के समीपवर्ती कोचिंग संस्थाओं और फोटो स्टेट की दुकानों का संचालन भी नहीं होने दिया जाएगा।
यह होगा वर्जित
बैग, पर्स, कागज, किताब, पर्ची, पानी की बोतल, मोबाइल, पेजर, सेल्युलर, ब्लू ट्रूथ, घड़ी, गोगल, केलकुलेटर, , स्लाइड रूल, ज्यामेट्री बॉक्स, मफलर, स्कार्फ, शॉल, सूट, टाई, जैकेट आदि।
यह लेकर जाएं
ई-एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज का नवीनतम रंगीन फोटो, फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति और पारदर्शी बॉडी वाला नीला पेन, जिसमें रीफिल साफ नजर आती हो।
रोडवेज ने बढ़ाया बेड़ा
झुंझुनूं आगार के मुख्य प्रबंधक विक्रमसिंह सोलंकी ने बताया कि 20 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। ड्यूटी के लिए कर्मचारियों को पाबंद किया गया है। ट्रैफिक भार को देखते हुए रुटवार अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। परीक्षार्थियों के सुविधार्थ 24 घंटे बुकिंग और कंट्रोल रूम भी चालू किया गया है। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01592-232664 पर बसों संबंधी जानकारी मिल सकेगी।