नगरपालिका लीज पर देगी दुकानें
नगरपालिकाक्षेत्र में हाल ही बनाए गए मीट मार्केट में दुकानों को लीज पर दिए जाने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को चेयरमैन सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि पालिका के निर्धारित मीट मार्केट के अलावा अन्य किसी स्थान पर कोई मीट या अंडे की दुकान चलाता पाया गया तो उसके 11 हजार रुपए जुर्माना राशि वसूलने के साथ ही सिविल कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। बैठक में कस्बे में हो रहे अवैध निर्माण अतिक्रमणों का सर्वे करवाने, एनजीओ के माध्यम से घर-घर से कचरा संग्रहण करवाने, कचरा एकत्र करवाने के लिए धोबली जोहड़ी में जगह चिह्नित कर कलेक्टर को प्रस्ताव भिजवाने, नगरपालिका भवन में संचालित तहसील कार्यालय का किराया वसूलने, लंबीत पट्टा पत्रावलियों के निस्तारण, पालिका की संपत्तियों का सर्वे करवाने, शक्ति पार्क में डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा लगाने, स्टेशन रोड पर स्थित शीतला माता की मढियों को चबूतरा बनाकर पुन: स्थापित करने पूर्व पालिकाध्यक्ष रिछपाल शर्मा की प्रतिमा लगाने, पालिका में कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करवाने सहित अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में ईओ राघवसिंह, पार्षद श्यामसुंदर मंगल, सोहनलाल, रामस्वरूप जांगिड़, सज्जन अग्रवाल, कृष्णकुमार सैनी आदि मौजूद थे।