पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नरहड़ में गहलोत के स्वागत की तैयारियां

नरहड़ में गहलोत के स्वागत की तैयारियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चिड़ावा. नरहड़ पंचायत की प्रहलाद माली ढाणी में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं अन्य कांग्रेसी नेताओं के आगमन पर होने वाली किसान सभा की तैयारियां अंतिम चरण में जारी है।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत 12 दिसंबर को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता स्व. प्रहलादराम सैनी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद सभा को संबोधित करेंगे।
बुधवार को चिड़ावा एसडीएम हीरालाल मीणा, नगरपालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी और पूर्व प्रधान निहालसिंह रणवा ने आयोजन स्थल पहुंचकर प्रहलादराम सैनी मेमोरियल सेवा संस्थान के सतीश, सुरेश और सुरेंद्र सैनी से व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी ली।
एसडीएम मीणा ने इस दौरान रूट, वाहनों की पार्किंग, प्रतिमा अनावरण और सभा स्थल का भी जायजा लेकर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष सैनी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डा. चंद्रभान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले प्रतिमा अनावरण समारोह किसान सभा में विधायक बृजेंद्र ओला, श्रवण कुमार, पूर्णमल सैनी, डा. राजकुमार शर्मा, पूर्व मंत्री डा. जितेंद्रसिंह, वक्फ बोर्ड चेयरमैन लियाकतअली खान, पूर्व विधायक भगवानसहाय सैनी, जिला प्रमुख हनुमान प्रसाद और प्रधान भगवानाराम सैनी सहित अनेक कांग्रेस नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

बगड़| नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र कुमावत ने बताया कि नरहड़ जाते समय अशोक गहलोत का तिराहा चौराहा बस स्टैंड पर तोरण द्वार लगाकर स्वागत किया जाएगा।

मजार पर चढाएंगे चादर

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को नरहड़ आगमन पर सूफी संत हजरत शकरबार शाह की मजार पर चादर भी चढ़ाएंगे। दरगाह इंतजामिया कमेटी के सचिव उस्मान पठान मालीगांव एवं वरिष्ठ खादिम हाजी अजीज खां पठान ने बताया कि गहलोत एवं कांग्रेस के अन्य नेताओं की दरगाह परिसर में कमेटी की ओर अगवानी की जाकर दस्तारबंदी भी की जाएगी।