दिलाई शपथ
मानवाधिकार दिवस पर निकाली रैली
झुंझुनूं . एनएमटी गर्ल्स कॉलेज में बुधवार को महिलाएं एवं मानवाधिकार विषयक कार्यशाला हुई। रैली निकालकर जनजागृति का संदेश दिया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. जयलाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की आधी आबादी होने के बाद भी उनके अधिकारों का हनन हो रहा है। इसका बड़ा कारण है महिलाओं की पुरुषों पर निर्भरता। मुख्य वक्ता के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी विप्लव न्यौला ने कहा कि संविधान में बराबरी का अधिकार मिलने के बाद भी महिलाएं आज तक पिछड़ी हुई हैं। इस अवसर पर प्रो. उम्मेद सिंह, डॉ. डीपी मीणा, डॉ. संजीव कुमार, प्रियंका सोनी, मनीषा शर्मा आदि ने भी विचार रखे। कार्यशाला संयोजक सुरेंद्र सिंह ने मानवाधिकार के सैद्धांतिक व्यवहारिक पक्षों की जानकारी दी। युवा विकास केंद्र एवं एनएसएस के तत्वावधान में छात्राओं ने रैली निकालकर मानवाधिकार मतदान का संदेश दिया।
मानवाधिकार दिवस पर बुधवार को कलेक्ट्रेट में शपथ दिलाई गई। कलेक्टर एसएस सोहता ने कहा कि प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से अपने वचनों, कार्यों अथवा विचारों से किसी अन्य व्यक्ति के मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं करें। शपथ ग्रहण में एडीएम सुरेंद्र माहेश्वरी, एसडीएम भागीरथ शाख, सांख्यिकी अधिकारी बाबूलाल, नगर नियोजक राकेश मातवा, ओएस बनवारीलाल राठौड़ आदि उपस्थित थे। इसी प्रकार बीडीके अस्पताल में पीएमओ डॉ. शीशराम गोठवाल के नेतृत्व में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ पैरा मेडिकल स्टाफ को मानवाधिकार की शपथ दिलाई गई।
उधर, न्यू राजस्थान बालिका पीजी कॉलेज में मानवाधिकार दिवस मनाया गया। निदेशक प्यारेलाल ढूकिया ने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा कर्तव्यों की पालना करने की आवश्यकता बताई।