मोडा पहाड़ क्षेत्र के लोगों की होगी जांच
झुंझुनूं | मोडापहाड़ क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों, कामगारों एवं आसपास रहने वालों की टीबी सहित अन्य बीमारियों की जांच की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर एसएस सोहता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक में दिए।
उन्होंने पीएमओ डॉ. शीशराम गोठवाल एवं डीटीओ डॉ. श्रवण सोकरिया से कहा कि टीम बनाकर मोड़ा पहाड़ क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर, कामगारों एवं आस-पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम एवं मेडिको लीगल सर्टिफिकेट के लिए मना करने और देरी करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ 17 सीसीए की कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सात दिन में आरोग्य राजस्थान का सर्वे कर ऑनलाइन इंट्री करे। इंट्री पूरी नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी ब्लॉक अधिकारियों को संस्थागत प्रसव सुधारने, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में एनएफएसए के लाभार्थियों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई। सीएमएचओ डॉ. एसएन धौलपुरिया ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की।
इस अवसर पर आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. नरोत्तम जांगिड़, डॉ. जितेंद्रसिंह, लेखाधिकारी रामजीलाल झाझड़िया, डॉ. विक्रमसिंह, जिला आईईसी समन्वयक महेश कुमार, आशा समन्वयक संजीव महला सहित जिले के बीसीएमएचओ एवं सीएचसी प्रभारी मौजूद थे।