जांच के साथ अब रोग फैलने के कारण भी जान सकेंगे
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
बीमारीजानने के लिए सैंपलों की जांच के साथ ही जिला अस्पताल की लैब में अब महामारी के कारणों का पता भी लगाया जा सकेगा। इसके लिए यहां के बीडीके अस्पताल में डिस्ट्रिक्ट पब्लिक हैल्थ लैब (डीपीएचएल) शुरू की गई है। साथ ही जयपुर में होने वाली कुछ महंगी जांचें भी अब यहां निशुल्क होंगी।
अस्पताल निजी लैबोरेट्री में सैंपल्स की जांच केवल बीमारी जानने के लिए की जाती है कि बीमारी का कारण जानने के लिए। अभी तक सैंपल्स का केवल स्लाइड टेस्ट ही होता था, जिसके आधार पर यह सुनिश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता है कि रोगी को वही बीमारी है जिसके लिए जांच की गई। क्योंकि डेंगू, मलेरिया आदि कई बीमारियों के लक्षण एक जैसे ही होते हैं। एलाइजा टेस्ट के जरिए बीमारी की सुनिश्चितता तय की जा सकती है। इसके लिए समेकित रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) के तहत जिला मुख्यालय स्थित बीडीके अस्पताल में डिस्ट्रिक्ट पब्लिक हैल्थ लैब (डीपीएचएल) शुरू की गई है। लैब इंचार्ज माइक्रोबायोलॉजिस्ट हरीश कौशिक के मुताबिक एलाइजा टेस्ट के बाद रोगी को क्या बीमारी है यह सुनिश्चित किया जा सकता है। एलाइजा टेस्ट महंगा है, अभी तक इसके लिए जयपुर जाना पड़ता था। इन जांचों में दो हजार रुपए से छह-सात हजार रुपए तक खर्च हो जाते हैं। अब बीडीके अस्पताल में यही टेस्ट निशुल्क हो सकेगा।
बीडीके अस्पताल में शुरू की नई जांच।
बीमारी की वजह बताएंगे
आईडीएसपीके तहत बीडीके अस्पताल में शुरू डीपीएच लैब में सैंपल टेस्ट के दौरान बीमारी के साथ ही उसके फैलने के कारणों का भी पता लगाया जाएगा। लैब में मुख्य रूप से डेंगू, पीलिया, उल्टी-दस्त, टाइफाइड, स्क्रब टाइफस आदि संक्रमण संबंधी बीमारियों संबंधी जांचें होंगी। हालांकि स्क्रब टाइफस की जांच के लिए किट ऑन डिमांड पर उपलब्ध होंगे। खून, मल आदि की जांच में संक्रमण के कारण पता किए जाएंगे। पानी में संक्रमण है तो पीएचईडी को को सूचित किया जाएगा।