झुंझुनूं | अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। सोमवार को कोतवाली थाने में मामला दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर में मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने बच्ची का मेडिकल भी कराया।
पुलिस के अनुसार वारदात शहर के रोड नंबर तीन की है। वार्ड 15 निवासी एक व्यक्ति ने बेटी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। डीएसपी गणेशनाथ सिद्ध ने बताया कि वार्ड 15 में ही रहने वाले असलम के खिलाफ रिपोर्ट दी गई।
रिपोर्ट में बताया गया कि रविवार शाम असलम अबोध बच्ची को बहला-फुसला कर एक खाली दुकान में ले गया। वहां दुष्कर्म करने का प्रयास किया। सोमवार को मामला दर्ज होने के बाद आरोपी के घर अन्य स्थानों पर पुलिस ने छापे मारे लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को थाने बुलाकर सख्ती बरती तब आरोपी खुद ही थाने में पेश हो गया। उसे हिरासत में ले लिया गया है। दोपहर को पुलिस ने मौके पर मुआयना किया। रात में असलम को गिरफ्तार कर लिया गया।
कुछ ही देर पहले पड़ौस में हुई थी शादी
सूत्रोंके अनुसार वारदात से कुछ ही देर पहले क्षेत्र में लड़की की शादी हुई थी। आरोपी दुल्हन का निकट का रिश्तेदार बताया गया है जबकि पीड़िता उसी गली में रहती है। बारात बिदाई के बाद परिजन सामान आदि समेटने में लगे हुए थे, इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। लोग इधर-उधर हुए तभी मौका पाकर आरोपी बच्ची को बहलाकर उठा ले गया।