- Hindi News
- रैली के लिए बसों का इंतजाम करना हुआ टेड़ा काम
रैली के लिए बसों का इंतजाम करना हुआ टेड़ा काम
झुंझुनूं | प्रदेशमें भाजपा सरकार के एक साल की उपलब्धियों को लेकर जयपुर में प्रस्तावित समारोह में जिले से कार्यकर्ताओं को ले जाना पदाधिकारियों के लिए चुनौती बन गया है। जिले से 10 हजार कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य है। इसके लिए 200 बसों की जरूरत रहेगी।
जिले में एक पंचायत से एक बस ले जाने का टारगेट तय किया गया जबकि निजी बस ऑपरेटर हड़ताल पर हैं। निजी बस यूनियन ने जयपुर रैली के लिए बस भेजने से इनकार कर दिया इस कारण जयपुर के लिए बसों की व्यवस्था टेडी खीर बन गया है। डीटीओ के प्रयास के बावजूद बसें नहीं मिल रहीं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीवसिंह शेखावत ने ऑपरेटरों से बातचीत कर रैली के लिए बसें उपलब्ध कराने का आग्रह किया। शाम को इसी मुद्दे पर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भी कम से कम 160 बस की आवश्यकता जताते हुए सीकर एवं चूरू से बसें मंगवाने का निर्णय किया गया। करीब डेढ़ सौ के करीब छोटे चारपहिया वाहन भी लगाना तय हुआ। कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई।
भोजन की व्यवस्था संबंधित क्षेत्र के विधायक या विधानसभा में उम्मीदवार रहे नेताओं के हवाले रहेगी। बैठक में जिलाध्यक्ष राजीव शेखावत, विधायक शुभकरण चौधरी, सुरेंद्र अहलावत, जगदीश सैनी, विशंभर पूनिया, कैलाश मेघवाल आदि मौजूद थे।