चिड़ावा। शहर में खेतड़ी रोड पर गोल मार्केट के निकट आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को सोमवार रात ताेड़ने का प्रयास किया गया। वारदात के दौरान मशीन में चार लाख रुपए थे। आउट सॉर्स कंपनी सीएमएस के प्रतिनिधि सुनीलकुमार ने बताया कि सोमवार सुबह ही मशीन में आठ लाख रुपए डाले गए थे। मशीन से छेड़छाड़ की वारदात रात 11 बजे बाद हुई जब गार्ड की ड्यूटी भी खत्म हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक कुछ बदमाशों ने मशीन के मॉनीटर का लोक तोड़कर उसे ऊपर तक उठा दिया था। एटीएम काउंटर (दुकान) की मालकिन मंगलवार अलसुबह करीब सवा पांच बजे सफाई करने घर से बाहर निकली तो वारदात का पता चला। उसके बेटे राजेश कुमावत ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दोपहर बाद डीएसपी पूनमसिंह विश्नोई ने भी मौका मुआयना किया। गार्ड हरिराम ने थाने में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दी हैं।
24 घंटे का काउंटर, सुरक्षा के इंतजाम अधूरे
खेतड़ी रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम काउंटर 24 घंटे खुला रहता है लेकिन यहां सुरक्षा के इंतजाम अधूरे हैं। यहां केवल मशीन में ही इनबिल्ट कैमरा है, अलग से सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। गार्ड की ड्यूटी भी दो पारियों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक तथा दोपहर तीन बजे से रात 11 बजे तक ही रहती है।
इसके चलते रात 11 बजे से सुबह सात बजे तक यह एटीएम काउंटर बिना सुरक्षा के संचालित है। इस बारे में बैंक के स्थानीय शाखा प्रबंधक सौरभ आनंद व जयपुर स्थित कार्यालय की कॉर्डिनेटर (पीआरओ) तरूणा व्यास से संपर्क करने पर वे बात करने से बचते रहे। व्यास ने बताया कि चिड़ावा पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और बैंक प्रबंधन पुलिस कार्रवाई में पूरा सहयोग करेगा।
एटीएम काउंटरों पर लगने चाहिए सेंसर अलार्म
तकनीकी विशेषज्ञ मनीष अग्रवाल गाडाखेड़ा ने बताया कि एटीएम काउंटरों पर “मोशन सेंसर विद हूटर अलार्म’ लगने चाहिए। इससे लूट और छेड़छाड़ की वारदातें रोकी जा सकती हैं। मशीन का लोक तोड़ने या उसे उखाड़ने की कोशिश होने पर ये डिवाइस काम करेगा। डिवाइस को इंटरनेट से जोड़कर चार मोबाइल पर एक साथ अलर्ट मैसेज भेजा जा सकता है और एटीएम काउंटर पर होने वाली गतिविधि को भी देखा जा सकता है।
सवा महीने में तीसरी वारदात
चिड़ावा पुलिस सर्किल में सवा महीने के दौरान एटीएम मशीन उखाड़ने और छेड़छाड़ की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले 22 दिसंबर की रात शहर की मंड्रेला रोड बाइपास चौराहे पर अज्ञात लुटेरों ने गार्ड को बंधक बनाकर एसबीआई की एटीएम मशीन को उखाड़कर सड़क किनारे डाल दिया था। वारदात के समय मशीन में 17 लाख 40 हजार रुपए भरे थे। इसी तरह सूरजगढ़ में चिड़ावा रोड पर एक फरवरी को पीएनबी की एटीएम मशीन लूटने का प्रयास भी हुआ था। दोनों ही मामलों में पुलिस की जांच अभी जारी है।