पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 2 Gang, 7 Days, 4 Clash, Police Failed To Catch Anyone

गलियों में भागता रहा युवक, सरिए लाठियों से वार करते रहे 9 बदमाश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. शहर के भीतरी क्षेत्र इस्हाकिया स्कूल से कबूतरों का चौक में मंगलवार शाम करीब पांच बजे हुई गैंगवार से खौफ छा गया। चार बाइक पर सरिए व लाठियां लेकर आए नौ बदमाशों ने इस्हाकिया स्कूल के पास चाय के ढाबे पर दोस्त के साथ बैठे एक युवक पर हमला बोला। युवक उनसे बचने के लिए तंग गलियों में कबूतरों का चौक तक भागा, इस दौरान बदमाश उस पर सरिए व लाठियों से वार करते रहे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे एमजीएच में भर्ती करवाया गया।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में डऊकिया अस्पताल के पास हुई चाकूबाजी की घटना के बाद दो गैंग में बदला लेने को लेकर यह तीसरी वारदात है, लेकिन पुलिस ने अब तक एक भी बदमाश को नहीं पकड़ा है। सदर बाजार पुलिस ने बताया कि मंगलवार को इस्हाकिया स्कूल के पास आहोरों की हवेली निवासी मोहम्मद रहीश (25) पुत्र मुमताज अहमद अपने दोस्त के साथ चाय के ढाबे पर बैठा था।
इस दौरान शाम करीब पांच बजे चार बाइक पर 9 बदमाश लाठियां व सरिए लेकर आए। इस पर मोहम्मद रहीश मौके से गलियों में भाग गया। बदमाशों ने उसका करीब 200 मीटर पीछा कर कबूतरों के चौक के पास मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शहर की गलियों में गैंगवार से लोग खौफ में आ गए। वहीं घायल युवक के परिजनों ने जफर खां, शाहिद, अब्बास व अन्य साथियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर पुलिस देर रात को मामला दर्ज करने की कार्यवाही में लगी रही।
चाकूबाजी के बाद बदला लेने के लिए हुई गैंगवार
पुलिस सूत्रों के अनुसार मोहम्मद रहीश और लतीफ के बीच आपसी विवाद को लेकर शहर में गैंगवार की चार घटनाएं हुईं। इस पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार मामले दर्ज हुए, लेकिन पुलिस एक बदमाश को नहीं पकड़ पाई।

पहली घटना: प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 17 सितंबर को डऊकिया अस्पताल के पास कबीर नगर निवासी इरफान पुत्र मेहबूब व लतीफ पुत्र यासिन पर जावेद, बलिया, आलुड़िया एवं चांद ने चाकू से वार कर हमला किया था।

दूसरी व तीसरी घटना: 17 सितंबर की रात को ही दो बजे और 18 सितंबर को सुबह नौ बजे पहली घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की गई और इस दौरान एक लोडिंग टैक्सी में आग भी लगाई गई थी।

चौथी घटना: 23 सितंबर की शाम 5 बजे भीतरी शहर में युवक पर हमला।
(घायल युवक को एमजीएच में भर्ती करवाया गया।)