पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. पाली रोड पर काकाणी भाखरी स्थित पेट्रोल पंप सूरज फिलिंग स्टेशन व पाली सरहद पर झाला पेट्रोल पंप से कुछ बदमाशों ने गुरुवार सुबह 4 बजे के आसपास आधे घंटे के दरम्यान करीब 58 हजार रुपए लूट लिए। दोनों ही पंप पर सेल्समैन को रिवॉल्वर दिखाकर लूटा गया और इनकी परस्पर दूरी 15 किलोमीटर है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। पुलिस ने लूट की सूचना मिलते ही नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए।
लूणी थानाधिकारी निरजंन कुमार ने बताया कि काकाणी भाखरी स्थित पेट्रोल पंप पर गुरुवार सुबह करीब 4 बजे दो बदमाश एक कार में आए। वे सीधे ऑफिस में गए। एक बदमाश ने सेल्समैन के सिर पर रिवॉल्वर तान कर पैसों के बारे में पूछा। इस दौरान दूसरे बदमाश ने टेबल की दराज टटोलते हुए 15 हजार 70 रुपए निकाल लिए। उसके बाद सेल्समैन की जेब की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। बाहर निकल कर बदमाशों ने ऑफिस के शीशे तोड़ दिए और फरार हो गए।
दूसरी ओर रोहिट थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4.20 बजे कुछ बदमाश डस्टर गाड़ी में झाला पेट्रोल पंप पर आए और सीधे ऑफिस में घुस गए। उन्होंने सेल्समैन से मारपीट की और उसके सिर पर रिवॉल्वर तान 43 हजार 200 रुपए लूट लिए। इसके बाद वे जोधपुर की तरफ भाग गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.