एयरफोर्स चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने बाथरूम में और युवक ने घर पर फंदा लगा खुदकुशी की
जोधपुर | एयरफोर्समें कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने शनिवार को देर रात शराब पीने के बाद रविवार सुबह गार्डरूम के बाथरूम में फंदा लगा खुदकुशी कर ली। वहीं दूसरी तरफ एक युवक ने अपने घर पर फंदा लगा खुदकुशी की। रातानाडा पुलिस ने बताया कि नेपाल निवासी आनंद बहादुर (40) पुत्र हीराराम नेपाली एयरफोर्स में 116 हेलिकॉप्टर यूनिट केयर आॅफ 32 विंग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद कार्यरत था। उसने शनिवार देर रात अत्यधिक मात्रा में शराब पी। इसके बाद अन्य कर्मचारी ने उसे गार्डरूम में लिटा दिया। जहां उसने रविवार सुबह गार्डरूम में बने बाथरूम में फंदा लगा खुदकुशी कर ली। पुलिस की आरंभिक पड़ताल में मृतक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया। पुलिस ने एयरफोर्स विंग कमांडर मेघ मिश्रा की रिपोर्ट पर मृतक का शव एमडीएम मोर्चरी में रखवा दिया है। जहां मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ महामंदिर पुलिस ने बताया कि हनुवंत निवासी राहुलराज पुत्र संपतराज ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई देवेंद्रराज (26) शनिवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह उसे उठाने गए तो वह फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव का एमजीएच मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द करवा दिया। युवक के खुदकुशी के कारणों का पता नहीं लग पाया।