10 हजार वर्गमीटर जमीन ने की 70 हजार लोगों की राह आसान
शहरका छठा रेलवे ओवरब्रिज भदवासिया क्रॉसिंग पर बनकर तैयार है, बस यातायात शुरू होने के इंतजार में है। दो दिवसीय जोधपुर प्रवास पर आईं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार सुबह 9:30 बजे आरओबी का लोकार्पण करेंगी। इस आरओबी के मुख्य हिस्से की नींव दस हजार वर्गमीटर जमीन पर है। जेडीए को रोडवेज से जमीन मिलने के बाद इसके काम में तेजी आई और दो साल में यह तैयार हो गया। इससे इस क्षेत्र में रहने वाले करीब 70 हजार लोगों की राह आसान हो गई। जब ये आरओबी बनना शुरू हुआ था, उस समय यहां से रोजाना औसतन 7 हजार वाहन गुजरते थे, अब यह संख्या बढ़कर 8 से 10 हजार तक पहुंच गई है। जेडीए आयुक्त जोगाराम सुथार ने बताया कि आरओबी का काम पूरा हो गया है। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगी। इससे भदवासिया और इससे आगे के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
दुकानों,मंदिर आदि की शिफ्टिंग के कारण 3 साल लेट हुआ प्रोजेक्ट| आरओबीका निर्माण जून 2011 में शुरू हो गया था। जेडीए ने एक निजी कंपनी से काम शुरू कराया। इसका काम 17 दिसंबर 2012 में पूरा होना था, लेकिन सरकारी जमीन नहीं मिलने के कारण इसका काम अटक गया। रोडवेज से 6 हजार 50 आैर मंडी से 3500 वर्ग मीटर जमीन मिलने के बाद यहां पीयर बनने शुरू हुए। इसके बाद भदवासिया की ओर 23 दुकानें, मंदिर और प्याऊ शिफ्ट करने में देरी हुई। इसी तरह महामंदिर रेलवे स्टेशन के बाहर 32 दुकानें, 10 कियोस्क और एक मंदिर शिफ्टिंग में भी देरी हुई। जेडीए ने आरओबी के पास ही नई दुकानें बनाकर सभी को शिफ्ट किया। इसमें करीब तीन साल की देरी हो गई।
एप्रोच रोड की लंबाई महामंदिर की ओर 130मीटर भदवासियाकी ओर 160मीटर
{ रेलवे ट्रैक का स्पान 27मीटर
{आरओबी का बजट 27 करोड़। अब तक 31करोड़ खर्च।
आरओबी कुल लंबाई 730मीटर
महामंदिरकी ओर 290मीटर
भदवासियाकी ओर 440मीटर
रोजाना 28 बार बंद होती थी फाटक अब आरओबी होने से नहीं लगेगा जाम
भदवासियाकी ओर रोजाना छह से सात हजार वाहन आते-जाते हैं। जैसलमेर रेलवे ट्रैक पर बनी फाटक दिन में 28 बार बंद होती है। इसके चलते मंडोर रोड पर दो तरफा यातायात बाधित हो रहा था। भदवासिया की ओर जाने वाला रास्ता तो जाम होता ही था, मंडोर की ओर आने वाले वाहन भी रुक जाते थे। इसके चलते आरओबी की जरूरत महसूस हुई।
{ पावटा से आने वाले वाहन आरओबी पर से सीधे भदवासिया जा सकेंगे, जिन्हें मंडोर जाना होगा वे एप्रोच रोड से जाएंगे।
{ इसी तरह मंडोर की ओर से पावटा जाने वाले वाहन आरओबी के नीचे से एप्रोच रोड से होकर गुजरेंगे।
{ भदवासिया से मंडोर की ओर जाने वालों को आरओबी से उतर कर महामंदिर रेलवे स्टेशन के सामने से यू-टर्न लेना होगा