सामूहिक विवाह समारोह में 101 जोड़ों ने लिया कन्या भ्रूण हत्या करने का संकल्प
कम्यूनिटी रिपोर्टर | जोधपुर
बसंतपंचमी की बेला। प्रकृति का पोर-पोर पुलकित। हर तरफ हरियाली का हेला। ऐसे ही संयोग में शुक्रवार को शहर में सामूहिक विवाह समारोह का जोर रहा। कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में सुदर्शन सेवा संस्थान की ओर से आयोजित समारोह में 101 और कलाल समाज की ओर से अंबेडकर स्टेडियम में 25 जोड़े हम सफर बने। सर्वजातीय समारोह के तहत सुबह साढ़े नौ बजे रावण का चबूतरा मैदान से 50 जूना खेड़ापति बालाजी मंदिर से 51 दूल्हों की सामूहिक बारात निकली। बाराती बैंडबाजों की मधुर स्वरलहरियों फिल्मी और राजस्थानी गीतों पर नाचते-गाते चल रहे थे। आदर्श विद्या मंदिर में सामूहिक बारातें पहुंचीं। यहीं पाणिग्रहण संस्कार हुआ। इसके बाद जोड़ों ने संकल्प लिया कि वे कन्या भ्रूण हत्या नहीं करेंगे। इससे पहले दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अन्य कार्यक्रम हुए। बाद में पांडाल में जोड़ों का विवाह हुआ। इस आयोजन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल एवं गणमान्य लोगों ने नव दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। समिति के प्रवक्ता कैलाश कुमार महासचिव कमलेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम में आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक नंदलाल, महापौर घनश्याम ओझा, विधायक सूर्यकांता व्यास, संघ प्रचारक मुरलीधर, प्रांत संघचालक ललित शर्मा, बाबूसिंह राठौड़, डॉ.राम गोयल, समिति के अध्यक्ष रतनलाल गुप्ता, हीरालाल कुलरिया, रामस्वरूप गोदा, गौतम जीरावला सहित अनेक लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर महिला मंडल की कार्यकर्ताओं ने मैदान में आकर्षक रंगोली सजाई।
सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधुओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम की शपथ दिलाई गई।