पटवारी परीक्षा में साली को नकल कराने के लिए फर्जी आंसर की 20 हजार में ली, वाट्सएप पर फर्जी पेपर मामले में दो को पकड़ा
एक परीक्षार्थी ओएमआर शीट अपने साथ ले गया, बाड़मेर से लौट रहे अभ्यर्थियों ने जगह-जगह पत्थर फेंके
उदयमंदिर पुलिस ने 20 हजार रुपए में पटवारी भर्ती परीक्षा की फर्जी आंसर की का सौदा करने वालों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों युवकों के वाट्सएप पर मिली आंसर की का मिलान भर्ती परीक्षा के पेपर से किया तो आंसर की फर्जी निकली। वहीं दूसरी तरफ बासनी पुलिस ने एक अभ्यर्थी पर एग्जाम सेंटर से ओएमआर शीट अपने साथ ले जाने का मामला दर्ज किया है। उदयमंदिर थानाधिकारी मदन बेनीवाल ने बताया कि पटवारी भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे रोडवेज बस स्टैंड पर एक युवक के वॉटसएप पर पेपर आउट करने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच मथानिया के कोटड़ा निवासी नरपत वैष्णव पुत्र श्यामदास को गिरफ्तार कर लिया। युवक ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी साली कुछ रिश्तेदारों को नकल कराने के लिए बनाड़ क्षेत्र में पशु आहार की दुकान चलाने वाले बोरावास निवासी गोविंद पुत्र मुन्नीलाल वैष्णव से 20 हजार रुपए में सौदा किया था। इस पर पुलिस ने गोविंद को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बुधनगर निवासी रामनिवास विश्नोई से वाट्सएप पर पेपर लेना बताया। पुलिस ने देर रात दोनों युवकों से पूछताछ कर रामनिवास विश्नोई की तलाश में लगी रही वहीं दूसरी तरफ बासनी पुलिस ने बताया कि पटवारी परीक्षा सेंटर सरस्वती नगर में स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल के रूम नंबर आठ में ड्यूटी पर तैनात शीला व्यास ने रिपोर्ट दी कि नागौर के बुटाटी निवासी कानाराम पुत्र ओमाराम भवाल ने परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद कानाराम ओएमआर शीट अपने साथ लेकर चल गया था। इस पर पुलिस ने कानाराम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।