रेलवे में हड़ताल के लिए मतदान पूरा, आज होगी मतगणना
जोधपुर| रेलवेमंत्रालय केंद्र सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं रखने को लेकर रेलवे कर्मचारी हड़ताल पर जाने से पहले गुप्त मतदान कर रायशुमारी पूरी कर ली है। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन की ओर से गुरुवार शुक्रवार को जोधपुर मंडल में मतदान करवाया गया। यूनियन के मंडल सचिव मनोज कुमार परिहार ने बताया कि अब शनिवार को सुबह 11 बजे मतों की गणना की जाएगी ताकि पता लग सके कि कितने कर्मचारी हड़ताल के लिए सहमत हैं। इसके आधार पर सरकार को आगामी 11 मार्च को एक माह को नोटिस देकर 11 अप्रेल से हड़ताल पर जाने की सूचना दी जाएगी। उधर, ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन सेंट्रल वर्किंग कमेटी की बैठक शुक्रवार को गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में सम्पन्न हुई। मंडल सचिव रामचंद्र चौधरी ने बताया कि अलारसा के केंद्रीय महासचिव एमएन प्रसाद के मुख्य आतिथ्य में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों, कर्मचारियों के कार्य के घंटे और एसपीएडी केस में शिथिलता जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श कर मांग पत्र तैयार किया गया है जिसे रेलमंत्री को भेजा जाएगा।