कैमरे से लैस ड्रोन से फैली सनसनी पुलिस ने मामला दर्ज किया
शिप हाउस क्षेत्र से बरामद ड्रोन कैमरा।
जोधपुर | महामंदिरथाना क्षेत्र में एक फोटो स्टूडियो संचालक ने मंगलवार सुबह अपने कैमरे से लैस रिपेयर हुए ड्रोन काे ट्रायल के लिए उड़ाया। ड्रोन अनियंत्रित होकर शिप हाउस के पास गिर गया। क्षेत्र में कैमरे से लैस ड्रोन को देख कर लोग जासूसी का ड्रोन समझ दहशत में गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन को जब्त कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। महामंदिर थाना पुलिस ने बताया कि पोलाे फ़र्स्ट शिप हाउस के पास रहने वाले प्रोफेसर रामनिवास शर्मा ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के बाहर एक कैमरे से लैस ड्रोन मिलने की सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच ड्रोन को जब्त कर, जांच पड़ताल की तो उसमें महामंदिर और मेहरानगढ़ के फोटो मिले। इस पर पुलिस ने ड्रोन मालिक की तलाश की तो ड्रोन पावटा में एफ 16 स्टूडियो संचालक दीपक वैष्णव का निकला। पूछताछ में दीपक वैष्णव ने बताया कि उसका ड्रोन कुछ समय पूर्व खराब हो गया था। इस पर उसने ड्रोन रिपेयर होने के बाद मंगलवार सुबह उसका ट्रायल लिया तो वह अनियंत्रित होकर खो गया था। इस पर पुलिस ने ड्रोन जब्त कर लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में ड्रोन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया।