फुटपाथ पर रखा सामान जब्त करने पर अतिक्रमी ने किया हंगामा
इन्फ्रा रिपोर्टर. जोधपुर | केएनकॉलेज रोड की फुटपाथ पर लकड़ी का सामान बेचने वाले एक अतिक्रमी को नगर निगम ने खदेड़ा तो उसने एक घंटे तक हंगामा मचाया। वह सीज किए गए सामान से भरे निगम ट्रैक्टर के आगे जाकर सो गया आैर हाथ जोड़कर सामान वापस देने की गुहार लगाने लगा। इस नाटकीय घटनाक्रम को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पुलिस ने हंगामा मचा रहे अतिक्रमी को हटाकर ट्रैक्टर को रवाना किया। निगम ने इस कार्रवाई में एक ट्रैक्टर सामान जब्त किया। शाम को अतिक्रमी संदीप ने 600 रुपए की जुर्माना राशि अदा कर जब्त सामान छुड़वाया। निगम ने संदीप को हिदायत दी है कि वह फुटपाथ पर बिना इजाजत सामान नहीं रखे, वरना अब जब्त सामान नहीं छोड़ा जाएगा।
इधर, आयुक्त ने फुटपाथी दुकानदार के आरोप के आधार पर दो सफाई कर्मचारी मुकेश शांतनु को निलंबित कर दिया है वहीं सफाई प्रभारी राजन बारासा को नोटिस दिया है।
आयुक्त हरिसिंह राठौड़ के आदेश पर वार्ड प्रभारी राजन बारासा ने केएन कॉलेज के समीप ताराचंद सर्किल के सामने फुटपाथ पर लकड़ी का सामान बेच रहे दिल्ली निवासी संदीप को स्वेच्छा से हटने को कहा, लेकिन जब वह नहीं हटा तो वार्ड प्रभारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फुटपाथ पर रखा लकड़ी का सामान जब्त कर लिया। निगम ने एक दिन पहले सोमवार को भी संदीप को हिदायत देते हुए एक ट्रैक्टर सामान जब्त किया था, लेकिन मंगलवार सुबह उसने फुटपाथ पर फिर से सामान रख दिया।
अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिक्रमी ट्रैक्टर के नीचे सो गया।
एयरपोर्ट रोड से हटाए अतिक्रमण
निगमने मंगलवार को एयरपोर्ट रोड पर लंबे समय से ट्रैफिक में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया। आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट रोड से अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान पुलिस जाब्ता भी साथ रहा। इधर, दूसरी आेर मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ विभिन्न जगहों पर लाल निशान लगाने की कार्रवाई की गई। कुछ अतिक्रमियों ने लाल निशान लगने के बाद अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा दिए। आयुक्त के निर्देश पर एमजीएच रोड पर लाल निशान लगाए गए। निगम दस्ते ने जालोरी गेट मेडिकल मार्केट में भी अतिक्रमण चिह्नित करने के बाद लाल चौकड़ी लगाई।