निजी शिक्षण संस्थान की गर्ल्स हॉस्टल में खिड़की पर धमाका
क्राइम रिपोर्टर. जोधपुर| प्रतापनगरथाना क्षेत्र में पाल रोड स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार देर रात तेज धमाके की आवाज के साथ खिड़की की जाली टूट गई। हॉस्टल के वार्डन ने कुछ बदमाशों द्वारा खिड़की पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने एफएसएल टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटा जांच-पड़ताल शुरू की है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद फायरिंग से इनकार किया है, लेकिन बदमाशों के पत्थर या कोई नुकीली चीज फेंके जाने का अंदेशा लगाया है। पुलिस ने बताया कि पाल रोड स्थित राजाराम शिक्षण संस्थान के वार्डन भैराराम ने रिपोर्ट दी, कि सोमवार देर रात करीब सवा बजे गर्ल्स हॉस्टल में खिड़की पर तेज धमाके और छात्राओं के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इस पर उसने हॉस्टल के बाहर जाकर देखा तो वहां कोई नहीं दिखाई दिया। इसके बाद प्रथम तल पर लगी खिड़की देखी तो उसमें लगी जाली में छेद हो रखा था और कांच टूटे हुए थे। संभवतया कुछ बदमाशों ने खिड़की पर फायरिंग की होगी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया, साथ ही एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि आरंभिक जांच पड़ताल में फायरिंग होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं, संभवतया बदमाशों ने पत्थर या अन्य कोई चीज खिड़की पर फेंकी होगी।
एफएसएल टीम ने हॉस्टल से साक्ष्य जुटाए।