पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • बकाया यूडी टैक्स जमा नहीं करवाने वाली स्कूलों पर सीज की कार्रवाई

बकाया यूडी टैक्स जमा नहीं करवाने वाली स्कूलों पर सीज की कार्रवाई

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरनिगम ने मंगलवार से बकाया नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) नहीं चुकाने वाली निजी स्कूलों को सीज करने का अभियान शुरू कर दिया है। निगम की टीम पहले दिन शहर की तीन निजी स्कूलों- ब्रह्मबाग स्थित सरदार स्कूल, चीरघर रोड स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद स्कूल और प्रतापनगर पुलिस थाने के समीप कोणार्क स्कूल को सीज करने पहुंची तो संचालकों ने बकाया यूडी टैक्स की राशि का चेक देने से इनकार कर दिया। टीम के सदस्य जब स्कूल सीज करने लगे तो दो स्कूल संचालकों ने तत्काल चेक काट कर टीम को सौंप दिए। सरदार स्कूल के संचालकों ने बकाया यूडी टैक्स की राशि जमा करवाने से इनकार कर दिया तो निगम की टीम ने स्कूल को सीज कर दिया।

आयुक्त हरिसिंह राठौड़ के आदेश पर नगर निगम की दो टीमें अलग-अलग इलाकों में स्थित बकाया यूडी टैक्स नहीं चुकाने वाली स्कूलों को सीज करने निकलीं। पहली टीम उपायुक्त देवाराम सुथार के नेतृत्व में चीरघर स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद स्कूल पहुंची। उनके साथ राजस्व अधिकारी सरोज पारीक, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सारस्वत, अतिक्रमण निरीक्षक गोपाल आेझा प्रभारी मोहनकिशन व्यास मौजूद थे। निगम टीम ने स्कूल में बकाया करीब 49 लाख रुपए यूडी टैक्स का नोटिस थमाया आैर सीज करने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन स्कूल संचालकों ने महापौर से मिलने के बाद चेक काटने की बात की। स्कूल संचालन से जुड़े कुछ लोग महापौर से मिले तो उन्होंने भी बकाया यूडी टैक्स जमा करवाने की शर्त पर सीज की कार्रवाई रोकने की बात कही। स्कूल संचालकों ने बाद में 5 लाख रुपए का चेक काट कर टीम को सौंप दिया। शेष राशि भी जमा करवाने का आश्वासन दिया, तब टीम रवाना हुई। फिर यह टीम प्रतापनगर थाना के समीप कोणार्क स्कूल पहुंची। यहां सीज करने से पहले स्कूल संचालकों ने 6 लाख 11 हजार रुपए के तीन चेक काट कर जमा करवा दिए।

दूसरी टीम राजस्व अधिकारी सुमन राठौड़ के नेतृत्व में ब्रह्मबाग स्थित सरदार स्कूल पहुंची। उनके साथ राजस्व निरीक्षक निरंजन चौधरी रामकुमार जावा भी थे। टीम ने आधे घंटे तक कार्रवाई नहीं की, बाद में जब यूडी टैक्स जमा करवाने से इनकार कर दिया गया तो स्कूल के ऑफिस पांच गेट पर ताला लगा कर सीज कर दिया। कुछ देर बाद स्कूल संचालक दो लाख रुपए का चेक लेकर निगम पहुंचे। बाद में आयुक्त ने स्कूल को सीज मुक्त कर दिया।

खबरें और भी हैं...