बसंत पंचमी आज, सामूहिक विवाहों में 124 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे
बसंतपंचमी पर शुक्रवार को हर्षोल्लास से मनाई जाएगी। मंदिरों एवं शैक्षणिक संस्थाओं सहित कई जगहों पर सरस्वती पूजन सहित कई आयोजन होंगे। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं के सामूहिक विवाह सम्मेलनों में 124 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। बसंत पंचमी के मौके पर कायलाना रोड स्थित संबोधि धाम में शुक्रवार को सुबह नौ बजे सरस्वती महापूजन होगा जिसमें 21 फीट ऊंची सरस्वती प्रतिमा पर महामस्तकाभिषेक किया जाएगा। संत ललितप्रभ सागर महाराज दार्शनिक संत चंद्र प्रभ महाराज के सानिध्य में पूजा कर यज्ञ कर मंगल कामना करेंगे। दिव्य मंत्रोचारण के बीच पूजन कार्यक्रम भी होगा। उधर, चांदपोल चौका स्थइत ब्रह्मपुरी आदर्श विद्या मंदिर में मां सरस्वती की आराधना के साथ विद्यारंभ संस्कार होगा। इस दौरान माधवेश्वरनाथ मंदिर ब्रह्मपुरी से विद्यालय तक अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों द्वारा शास्त्र ग्रंथों सहित कलश यात्रा निकाली जाएगी, साथ ही हवन होगा।