जेएनवीयू स्वयंपाठी स्टूडेंट्स के प्रवेश पत्र जारी
जोधपुर | जयनारायणव्यास विश्वविद्यालय से संबद्ध जोधपुर संभाग के सभी महाविद्यालयों के जेएनवीयू पाठ्यक्रम के बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के सभी स्वयंपाठी परीक्षार्थियों पूर्व छात्रों के प्रवेश पत्र आॅनलाइन जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. जैताराम विश्नोई ने बताया कि इस वर्ष कुल 58 हजार 282 स्वयंपाठी परीक्षार्थी पूर्व छात्र कुछ चुनिंदा विषयों की परीक्षा देंगे। इनमें 33,926 छात्र और 24,356 छात्राएं हैं। प्रथम वर्ष की परीक्षा 18 फरवरी, द्वितीय वर्ष की परीक्षा 19 फरवरी और तृतीय वर्ष की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षाओं के लिए 51 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, इनमें से 17 जोधपुर शहर में हैं। नकल रोकने के लिए 6 उड़नदस्ते बनाए गए हैं। इनमें से चार शहर में दो पूरे संभाग में सक्रिय रहेंगे। प्रो. विश्नोई ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी प्राचार्यों को लिखा गया है।