पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कांग्रेस ने समाज के स्कूलों से टैक्स वसूली का किया विरोध, विधानसभा में उठाएंगे मामला

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. सामाजिक समरसता की प्रतीक शैक्षणिक संस्थाओं से नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) के लाखों रुपए की वसूली का मामला गुरुवार को नगर निगम की साधारण सभा (बोर्ड बैठक) में जोर-शोर से उठा।
प्रतिपक्ष ने इनसे टैक्स वसूली को शर्मनाक बताते हुए रियायत देने की बात कही तो सत्तारूढ़ दल के पार्षद भी विरोध में नहीं बोल पाए। इस मामले को लेकर आधे घंटे तक सदन में हंगामा चलता रहा। इस दौरान सदन में उपस्थित शहर विधायक कैलाश भंसाली ने भी प्रतिपक्ष की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि हालांकि वे यूडी टैक्स की वसूली के विरोध में नहीं है, लेकिन अगर वसूली करनी ही है तो किस्तों में की जाए ताकि इन पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़े।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वे विधानसभा में उठाएंगे। साथ ही सरकार के स्तर पर प्रयास कर सामाजिक शैक्षणिक संस्थाओं को यूडी टैक्स से मुक्त करवाएंगे। कांग्रेस पार्षद दल के उप नेता गणपतसिंह चौहान व पार्षद सुनील मोहनोत ने सदन में दैनिक भास्कर की प्रतियां भी दिखाईं।
कांग्रेस पार्षद दल के उप नेता गणपतसिंह चौहान ने शैक्षणिक संस्थाओं पर किए गए सर्वे के पूरी तरह फर्जी होने का आरोप लगाते हुए संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर निगम ने वसूली जारी रखी तो कई स्कूल बंद हो जाएंगे।
खबरें और भी हैं...