जोधपुर. महामंदिर की भदवासिया जीरा मंडी में शुक्रवार को व्यापारियों ने लोहे की सिल्लियों से वजन में हेराफेरी कर धोखाधड़ी करने वाले ट्रक चालक को पकड़ लिया। व्यापारियों ने जब चालक को पकड़ कर पूछताछ की तो एक अन्य ट्रक का चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
भदवासिया मंडी के व्यापारी हरीश मालपानी ने बताया कि उन्होंने नाेखा मोठ सप्लाई करने के लिए शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट से दो ट्रक चालकों को बुलाया था। दुकान से माल भरते समय ट्रक चालक भीकमकोर निवासी अशोक (20) पुत्र बाबूलाल विश्नोई बार-बार ट्रक के टूल से सामान इधर-उधर कर रहा था। इस पर उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने ट्रक के टूल बॉक्स की तलाशी ली तो उसके पास करीब 20 किलोग्राम वजनी लोहे की सिल्लियां मिलीं।
व्यापारियों ने अशोक को पकड़ उसके साथ आए चौखाराम पुत्र मांगीलाल के ट्रक की तलाशी लेने लगे तो चौखाराम मौके से फरार हो गया। व्यापारियों को दोनों ट्रकों से करीब 10 सिल्लियां मिलीं हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर अशोक विश्नोई को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि व्यापारियों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
वजन में हेराफेरी कर रास्ते में माल का गबन करते, व्यापारियों को लगाते लाखों की चपत
ट्रक चालक अशोक ने पूछताछ में बताया कि वे ट्रक में सिल्लियां डाल सैकडों किलोग्राम वजन बढ़ा लेते थे। माल लोड करने के बाद सप्लाई करते समय रास्ते में सिल्लियों के वजन के जितना माल गबन कर लेते थे।
इससे सप्लाई के समय वापस वजन करने पर भी उनकी चोरी पकड़ी नहीं जाती थी। पूछताछ में आरोपी ने कई व्यापारियों को लाखों की चपत लगाना बताया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरार चौखाराम व उनके साथियों की तलाश में लगी है।