जोधपुर. ट्रैफिक सेंस की कमी और वाहन चालकों की लापरवाही से रोजाना जानें जा रही हैं। बुधवार को भी एक युवक व एक महिला की जान अलग-अलग हादसों में गई वहीं ओवरटेक के प्रयास में एक बालवाहिनी पलट गई।
पंचर होने पर बीच सड़क खड़े डंपर में जा घुसा बाइक सवार
लापरवाही व ओवरलोड होने का चालान होने के बावजूद नगर निगम के डंपर चालक ने सावधानी नहीं बरती लिहाजा एक युवक की जान चली गई। नगर निगम से अनुबंधित एक डंपर का मंगलवार दोपहर हुए चालान के बाद चालक भिकमदास पुत्र मोहनदास बुधवार को गाड़ी छुड़ा कर निकला था।
अरना झरना फांटे के पास गाड़ी पंक्चर हो गई तो बीच रास्ते छोड़ कर घर चला गया। देर रात बाइक पर अपने घर लौट रहे बंबोर निवासी प्रतापराम (45) पुत्र दीपाराम मेघवाल इस डंपर में जा घुसे। एमडीएमएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हेलमेट पहने हुए थे लेकिन सीधे डंपर से टक्कर के कारण उसकी मौत हो गई।
ओवरटेक करते मिनी ट्रक ने बाइक को लिया चपेट में
बड़ली निवासी दिनेश पुत्र प्रेमाराम मेघवाल बुधवार दोपहर बाइक पर अपनी मां भंवरी देवी (39) व रिश्तेदार मोडी देवी के साथ बाइक पर जा रहे थे। 12 मील के पास मिनी ट्रक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करते समय साइड से बाइक को टक्कर मार दी। लोग तीनों घायलों को एमडीएम अस्पताल लाए जहां उपचार के दौरान भंवरी देवी की मौत हो गई। उसके पुत्र दिनेश व रिश्तेदारी मोडी देवी का इलाज चल रहा है। पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है।
बालवाहिनी पलटी, 3 गंभीर घायल
पाल रोड स्थित हनुवंत स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही बालवाहिनी देवनगर तिराहा के पास ओवरटेक करते हुए पलट गई। इसमें 8 बच्चे थे जिनमें 3 गंभीर घायल हैं। वेदांग गर्ग के हाथ में फ्रैक्चर हुआ व दांत टूट गएा। आरुषि के पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने प्रफुल्ल चंद व तरुण गर्ग की रिपोर्ट टैक्सी चालक अख्तर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।