जैसलमेर. पशुपालन विभाग में संयुक्त निदेशक व पशु चिकित्सक के बीच हुई कहासुनी हाथापाई पर पहुंच गई और धक्का मुक्की के साथ ही संयुक्त निदेशक ने पशु चिकित्सक को दो तीन थप्पड़ जड़ दिए।
जिससे पशु चिकित्सक को नाक के पास चोट भी लगी। इस मामले में प्रारंभिक तौर पर पशु चिकित्सक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने का प्रार्थना पत्र सौंपा और मेडिकल भी करवा लिया। बाद में देर शाम तक अस्पताल में समझाइश व राजीनामे का प्रयास होता रहा।
यह है मामला
डॉ. गर्ग ने बताया कि दो दिन पूर्व में सम क्षेत्र में बछड़ी के साथ किसी के द्वारा कुकृत्य करने का मामला आया था। इस पर मेडिकल जांच करने जो टीम गई थी उसमें वे शामिल नहीं थे। दो दिन में पुलिस की ओर से बार बार उन्हें फोन आ रहे थे और बताया गया कि आप भी मेडिकल करने वाली टीम में शामिल थे।
इस पर डॉ. गर्ग संयुक्त निदेशक मलखान मीणा से मिलने पहुंचे। उन्हें बताया कि वे टीम में शामिल नहीं थे तो रिपोर्ट पर उनका नाम क्यों लिखा गया। इस पर संयुक्त निदेशक ने उन्हें रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने का कहा और डॉ. गर्ग ने मना कर दिया, जिससे संयुक्त निदेशक आवेश में आ गए और थप्पड़ जड़ दिया।
राजीनामे व समझाइश की कोशिश
दोपहर में यह वारदात होने के बाद डॉ. गर्ग ने पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर दिया और मेडिकल जांच भी करवा ली। उसके बाद पशुपालन विभाग में देर शाम तक दोनों के बीच समझाइश व राजीनामे के प्रयास चलते रहे। राजीनामे के प्रयास के दौरान देर शाम तक पुलिस में इस संबंध में मामला दर्ज नहीं किया गया।