पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

न्यायिक कर्मचारियों का प्रदर्शन, आज से सामूहिक अवकाश पर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. शेट्टी कमीशन की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर रविवार को प्रदेशभर के न्यायिक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री द्वारा ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर सोमवार से न्यायिक कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
न्यायिक कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष नत्थूसिंह तंवर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में न्यायिक कर्मचारी सेशन कोर्ट के सामने एकत्रित हुए। यहांं से नारेबाजी करते हुए कर्मचारी बलदेवराम मिर्धा सर्किल पहुंचे। कर्मचारियों ने विभिन्न मांगें लिखी हुई तख्तियां थाम रखीं थीं। यहां भी राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बलदेवराम मिर्धा सर्किल से जुलूस के रूप में कर्मचारी कायमखानी हॉस्टल पहुंचे।
यहा आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष तंवर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट ने शेट्टी कमीशन की सिफारिशें लागू करने के आदेश दे दिए हैं, फिर भी सरकार इसे जान-बूझकर लंबित कर रही हैं। अब तक गांधीवादी तरीके से मांगें मानने के लिए आग्रह किया जा रहा है, अब मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ेगा। सभा को सभाध्यक्ष नवरतनमल टाक, महामंत्री बद्रीलाल चौधरी, उपाध्यक्ष अरविंद चौधरी, सह संयोजक धूड़मल जाट, जिलाध्यक्ष सीपी कल्ला सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
सभा खत्म होने के बाद न्यायिक कर्मचारी फिर जुलूस के रूप में बलदेवराम मिर्धा सर्किल पहुंचे। शाम को अजीत भवन में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपा, लेकिन ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर संघ ने सोमवार से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय किया है। तंवर ने बताया कि इस संबंध में गत 25 जनवरी को ही राज्य सरकार व हाईकोर्ट प्रशासन को नोटिस दे दिया था।
खबरें और भी हैं...