जोधपुर. शहर में बासनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने सालावास रोड व मेघवालों की ढाणी में एसबीआई के दो एटीएम से चोरी का प्रयास किया। लोगों की सजगता के चलते बदमाशों को मौके से भागना पड़ा।
बासनी थाना एसआई देवाराम ने बताया कि गुरुवार देर रात लोगों ने दो एटीएम में चोरी के प्रयास की सूचना दी। बदमाश पहले सालावास रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर लगे कैमरे को तोड़ अंदर घुसे। उन्होंने एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन एटीएम नहीं खुल पाया।
इसके बाद उन्होंने यहां से करीब तीन किलोमीटर दूर मेघवालों की ढाणी में स्थित एसबीआई के एटीएम को चाबी से खोलने का प्रयास किया, लेकिन खोल नहीं पाए। इसी दौरान लोगों ने बदमाशों को देखा और चिल्लाए तो वे बाइक पर भाग गए। पुलिस ने एंफेसिस पेमेंट मैनेज्ड सर्विस कंपनी के सीनियर डिस्ट्रिक्ट एग्जिक्यूटिव की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से बदमाशों की तलाश कर रही है।
खुद को बैंककर्मी जता युवक के बैग से पांच लाख उड़ाए
उदयमंदिर पुलिस ने बताया कि चूरू जिले में सालासर निवासी शिवरतन पुत्र विश्वनाथ पोदार ने गुरुवार को रिपोर्ट दी कि वह रजनीगंधा यश एंटरप्राइजेज कंपनी में प्रबंधक है। बुधवार को उसने अपने पुत्र विजय को चांदशाह तकिया स्थित आईसीआईसीआई बैंक में आठ लाख 35 हजार रुपए जमा कराने के लिए भेजा था।
करीब साढ़े तीन बजे वह बैंक में पैसे जमा कराने गया तो कैश काउंटर पर कर्मचारी नहीं था। इसी दौरान एक शख्स उसके पास आया और कहा कि इतने पैसे एक साथ जमा नहीं होंगे, आप दो अलग-अलग पर्चियां बना कर दो हिस्सों में पैसे जमा कराएं। इस पर विजय पर्ची लेने दूसरे काउंटर पर गया और लौटा तब तक उस शख्स ने कैश काउंटर पर रखे बैग में से करीब पांच लाख रुपए चुरा लिए और फरार हो गया।
दो दुकानों में पहले बीयर पी, फिर नकदी व शराब चुरा ले गए
सरदारपुरा थाना क्षेत्र में ओलिंपिक टावर के पास शराब ठेका संचालक अमित तलवार ने बताया कि गुुरुवार देर रात चोर उनकी दुकान का शटर ऊंचा कर अंदर घुस गए। उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी मोड़ दिए।
इसके बाद चोरों ने दुकान में गल्ले से करीब 25 हजार की नकदी व शराब की बोतलें चुराई। इसके बाद चोर पास स्थित शराब की दुकान में घुस गए। वहां उन्होंने पहले बीयर पी, फिर करीब 40 हजार की नकदी व शराब की बोतलें चुरा ले गए। इस दुकान के सीसीटीवी कैमरे खराब थे, जिनका शायद चोरों को पहले से पता था। इस कारण उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को नहीं छेड़ा।
आगे की स्लाइड में पढ़िए दो मकान व ऑफिस भी बने चोरों का निशाना...