पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • नकल नहीं रोक पा रहे तो जोधपुर में मोबाइल सेवा ही ठप करवा दी

नकल नहीं रोक पा रहे तो जोधपुर में मोबाइल सेवा ही ठप करवा दी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. शाम को अपराध बढ़ रहे हों तो बजाय अपराधियों में डर पैदा करने, कानून व्यवस्था बनाने की बजाय प्रशासन यह आदेश ही निकाल दे कि शाम सात बजे बाद दुकानें खुली नहीं रहेगी तो अपराध कैसे रुकेंगे?
शनिवार को हुई पटवारी परीक्षा में ब्लू टूथ, वाट्सऐप और सोशल मीडिया से होने वाली नकल रोकने के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था करने की बजाय सीधे मोबाइल कंपनियों को ही आदेश दे दिया कि वे परीक्षा केंद्रों के क्षेत्र में नेटवर्क डाउन रखेंगे।
शहर के विभिन्न इलाकों में कुल 190 केंद्र थे और इन सभी के आसपास करीब तीन घंटे मोबाइल ठप ही रहे। इस कारण दोपहर पूरे शहर का मोबाइल नेटवर्क डिस्टर्ब रहा। वोडाफोन कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि नेटवर्क तो केवल कुछ घंटे ही दिक्कत कर रहा था, क्योंकि हमने नेटवर्क स्लो कर दिया था।
पूछने पर बताया कि हमें इस संबंध में आदेश दिया गया था। आइडिया कंपनी के प्रतिनिधि ने भी नाम नहीं छापने की शर्त पर यह स्वीकार किया कि नेटवर्क स्लो करने के लिए सरकार ने हमें आदेश दिया था।
बीएसएनएल के अधिकारियों ने इस मामले से पल्ला झाड़ दिया। संचार सेवा की ट्रम सेल के डायरेक्टर सीसी गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में सरकारी स्तर पर कोई आदेश दिया गया हो तो हमें जानकारी में नहीं, लेकिन हमने कंपनियों को आदेश नहीं दिया।

ढूंढ ही नहीं पा रहे फुलप्रूफ परीक्षा का फॉर्मूला

रीट परीक्षा
7 जनवरी को हुई इस परीक्षा में भरतपुर में फौजी को ब्लूटूथ से नकल कराते हुए पकड़ा था। जोधपुर में जोधपुर से एक सरकारी टीचर समेत 8 आरोपियों को पेपर आउट करा नकल कराने के प्रयास में पकड़ा।

जेल प्रहरी परीक्षा

घंटों पहले ही पेपर आउट होकर वॉट़सएप पर वायरल हो गया था। पेपर आउट करवाने व पेपर बेचने वाले 40 लोग अजमेर में पकड़े। कई जगहों पर 10-10 लाख में बिके पेपर।

एसएससी परीक्षा

अजमेर में ब्लूटूथ से परीक्षा देते एक युवक को पकड़ा था। गृह मंत्रालय में सिक्यूरिटी गार्ड के पुत्र भरत भारद्वाज से पुलिस ने पूछताछ की तो बताया कि दिल्ली में एक शख्स को ब्लूटूथ पर सही जवाब देने पर डेढ़ लाख में सौदा हुआ था।
आईबीपीएस परीक्षा

15 दिसंबर को उदयपुर के डबोक पुलिस ने सवाईमाधोपुर के नरेश नाम के युवक को ब्लूटूथ से नकल करते पकड़ा था। युवक को नकल गिरोह ने ब्लूटूथ से नकल कराने के लिए सात लाख रुपए में सौदा किया था।

जैमर लगाने के बाद भी मोबाइल सेवा ठप करने की नौबत

पटवार परीक्षा में नकल रोकने के लिए 150 जैमर लगाए गए थे। इससे मोबाइल नेटवर्क वैसे ही काम हो जाता है लेकिन प्रशासन ने मोबाइल कंपनियों को पूरा नेटवर्क ही डाउन करवा दिया। जैमर की रेंज में आने वाले टॉवर्स की फ्रीक्वेंसी भी प्रभावित हुई। एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के इलेक्ट्रोनिक एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. राजेश भदादा ने बताया कि जैमर ने शहर के 1.5 करोड़ स्क्वेयर मीटर को प्रभावित किया जो शहर की परिधि के सामने बहुत कम है, लेकिन इन क्षेत्रों में लगे मोबाइल टॉवर भी इससे प्रभावित हुए और पूरे शहर का नेटवर्क जॉम हो गया।

बिना लीक-नकल कैसे होती है बड़ी परीक्षाएं, उदाहरण मौजूद हैं

बैंकिंग परीक्षा : इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सलेक्शन हर साल देशभर में बैंकिंग कर्मचारियों की भर्ती परीक्षा कराता है।

कारण : सभी परीक्षाएं ऑनलाइन। तकनीकी शिक्षा के संयुक्त निदेशक एमआर पुरोहित ने बताया कि ऑनलाइन होने से पेपर आउट हो ही नहीं सकता। परीक्षार्थी के यूजर नेम व पासवर्ड से ही पेपर खुलेगा। पेपर बनाने वाली एजेंसी इसे प्रोग्रामिंग लैंग्वेज में कनवर्ट कर देती है। इसलिए पेपर से पहले फाइल खोली भी तो प्रोग्रामिंग लैंग्वेज में ही नजर आती है।

यूपीएससी परीक्षा : देश भर से दो लाख प्रतिभागी भाग लेते हैं।

कारण : परीक्षाएं हर साल होती हैं प्लानिंग के साथ। वर्ष शुरू होते ही परीक्षा कैलेंडर जारी हो जाता है जो बदलता नहीं है। इसीलिए प्रॉपर प्लानिंग संभव। आरपीएससी की परीक्षाएं लंबे अंतराल के बाद होने की वजह से बैकलॉग ज्यादा हो जाता है, जिसकी वजह से जब परीक्षा होती है तो ज्यादा पद को देखते हुए प्रतिभागी भी बढ़ जाते हैं।
ये प्रवेश परीक्षाएं भी...

3 लाख से ज्यादा देते है पीटीईटी
30 हजार से ज्यादा देते है क्लेट
5 लाख परीक्षार्थी आईआईटीजेईई में
5 लाख के करीब छात्र मेडिकल परीक्षा में
4 लाख के करीब बीएसटीसी देते हैं
इन परीक्षाओं में हर सेंटर के निकट पुलिस थाने में पेपर रखवाए जाते हैं और पेपर केवल एक ही व्यक्ति को लाने का अधिकार होता है।
खबरें और भी हैं...