जैसलमेर. इस बार मरू महोत्सव में बदलाव के नाम पर कार्यक्रम स्थलों में परिवर्तन कर दिया जो किसी को रास नहीं आ रहा था। भास्कर ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया और जनता का साथ मिल गया, चार दिन बाद प्रशासन, पर्यटन विभाग और निजी कंपनी को झुकना पड़ा और जनता की जीत हो गई।
गौरतलब है कि इस बार मरू महोत्सव में नवाचार को लेकर बड़ी बड़ी बातें की गई। महोत्सव को निजी कंपनी को ठेके पर भी दे दिया। नवाचार के नाम पर यह हुआ कि पहले दिन के कार्यक्रम पूनम स्टेडियम की जगह डेडानसर मैदान में कर दिए। दूसरा व तीसरा दिन सम में कर दिया।
हर किसी ने किया विरोध
पहले दिन का कार्यक्रम स्थल बदलने व दो दिन सम में कार्यक्रम आयोजित करने हर किसी ने विरोध किया। पर्यटन व्यवसायियों ने मरू महोत्सव के बहिष्कार की चेतावनी भी दी। इस संबंध में विधायक छोटूसिंह भाटी ने भी समर्थन करते हुए दो दिन सम में कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की बात राज्य सरकार तक पहुंचाई।
अब सब कुछ पहले जैसा
चार दिन चले नाटकीय घटनाक्रम में हर जगह विरोध होता रहा लेकिन प्रशासन व पर्यटन विभाग ने बदलाव को सही माना। आखिरकार गुरुवार की शाम तक यह निर्णय ले लिया गया कि इस बार भी मरू महोत्सव पहले जैसा ही होगा। पहले दिन के कार्यक्रम पूनम स्टेडियम में होंगे, दूसरे दिन डेडानसर मैदान में और तीसरा दिन सम में होगा।
गड़ीसर में सांस्कृतिक संध्या
एक मात्र बदलाव यह किया गया है कि दूसरे दिन होने वाली सांस्कृतिक संध्या पूनम स्टेडियम की जगह गड़ीसर पर होगी। यह बदलाव सराहनीय है और इससे किसी को आपत्ति नहीं है। यहां लाइट एंड साउंड शो करवाने के भी प्रयास चल रहे हैं।