- Hindi News
- डिमांड राशि जमा होते ही कनेक्शन दें : चौहान
डिमांड राशि जमा होते ही कनेक्शन दें : चौहान
जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एनएम चौहान ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के डिमांड नोट की राशि जमा हो चुकी है, उन्हें हाथोहाथ बिजली कनेक्शन देकर राहत दें। लोगों को गुणवत्तायुक्त बिजली देने के लिए भी मॉनिटरिंग सिस्टम को और प्रभावी बनाएं तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत निस्तारण हो, ताकि लोगों का डिस्कॉम के प्रति विश्वास बढ़े। वे गुरुवार को डिस्कॉम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अफसरों अभियंताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजस्व वसूली के प्रयास में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि बकाया वसूलने के लिए भी व्यापक योजना बनाकर कार्य करें। विभिन्न सरकारी विभागाें में जो भी बकाया चल रहा है उसको पुनः सत्यापित कर उसकी वसूली के लिए सामंजस्य स्थापित कर कार्य करें। बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर तक 55 हजार 864 घरेलू ग्रामीण कनेक्शन जारी किए गए जबकि शहरी क्षेत्र में 20 हजार 589 कनेक्शन जारी हुए। कृषि कनेक्शन के लिए नवंबर तक 7 हजार 967 आवेदकों को डिमांड नोट जारी किए गए। बैठक में निदेशक तकनीक सुनील मेहता, निदेशक वित्त कीर्ति कच्छवाहा, संभागीय मुख्य अभियंता केके शाह, सचिव आरके सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पुरी सहित विभिन्न वृतों के अधीक्षण अभियंता भी उपस्थित थे।