- Hindi News
- भुगतान नहीं मिला तो ठेकेदार ने बंद कर दी पीपाड़ शहर की जलापूर्ति
भुगतान नहीं मिला तो ठेकेदार ने बंद कर दी पीपाड़ शहर की जलापूर्ति
पीपाड़-बिलाड़ा- दांतीवाड़ा - माणकलाव पेयजल परियोजना का काम कर रहे ठेकेदार को सरकार से भुगतान नहीं मिला तो उसने पीपाड़ शहर के लिए की जा रही पीने के पानी की सप्लाई ही रोक दी। ठेकेदार की मनमानी का खामियाजा मंगलवार को कस्बेवासियों को भुगतना पड़ा। मीठे पानी की सप्लाई नहीं होने से पूरे कस्बे के लोगों को परेशान होना पड़ा। इस बारे में पीएचईडी के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में भाजपा सरकार ने पीपाड़- बिलाड़ा- दांतीवाड़ा- माणकलाव पेयजल परियोजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य पूरे क्षेत्र में मीठे पानी की आपूर्ति करना था। करीब पांच माह पहले दांतीवाड़ा से पीपाड़ शहर की करीब 50 हजार की जनसंख्या के लिए पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई थी। बताया जाता है कि परियोजना का काम कर रही जोधपुर की ठेका फर्म वी आर पुंगलिया के पास प्रोजेक्ट को पूरा करने के साथ-साथ पांच साल के लिए पेयजल वितरण पंपिंग का ठेका है। पिछले कुछ समय से उसे काम का भुगतान नहीं मिला है। इसके चलते ठेका फर्म ने मंगलवार को मनमर्जी से अचानक ही पीपाड़ शहर की पानी सप्लाई बंद कर दी। कस्बे में पानी की सप्लाई के एकमात्र स्रोत से आपूर्ति बंद होते ही क्षेत्र के लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। तब इसका खुलासा हुआ। हालांकि, विभाग के अधिकारी ठेका फर्म की इस मनमर्जी के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पीपाड़- बिलाड़ा- दांतीवाड़ा- माणकलाव पेयजल परियोजना। फाइल फोटो
उच्च अधिकारियों को बता दिया है...
^कांट्रेक्टरने भुगतान नहीं मिलने पर मनमर्जी से पीपाड़ शहर में पेयजल सप्लाई बंद कर दी, इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी है। वे ठेकेदार फर्म से बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही पेयजल व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है। -हनुमानाराम चौधरी, सहायकअभियंता, पीपाड़ शहर
विवादके चलते रोकी थी सप्लाई, चालू कर दी है...
^ठेकेदारफर्म से किसी बात को लेकर विवाद था और इसी वजह से उसने पानी की सप्लाई बंद कर दी थी। बाद में उनसे बातचीत कर सप्लाई बहाल करवा दी है। -राजेंद्र पुरोहित, एक्सईएन(प्रोजेक्ट)