पाली. सुमेरपुर कोर्ट परिसर के पास से मंगलवार दिनदहाड़े एक कैदी चालानी गार्ड को धक्का देकर फरार हो गया। पहले से ही बाइक लेकर कैदी का एक साथी खड़ा था। पुलिस चालानी गार्ड ने आरोपियों का पीछा किया तो बाईपास पर बाइक मिली लेकिन कैदी और उसके साथी का सुराग नहीं लगा। देर रात तक सुमेरपुर-शिवगंज इलाके की पुलिस ड्रैगन लाइट से इलाके की तलाशी में जुटी हुई थी।
सुमेरपुर एसएचओ अचलदान रतनू ने बताया कि जोधपुर के लोहावट थाना क्षेत्र में मोरिया गांव का आमदीन उर्फ हीरा पुत्र बच्चू खान पाली जोधपुर जिले का शातिर नकबजन है, जिसने वाहन चोरी के साथ कई जगह नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने सुमेरपुर से 2012 में बोलेरो जीप चुराई थी, जिसका मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। यह आरोपी काफी समय से जोधपुर जेल में बंद है, जिसे दो-तीन दिन पहले ही बाली की सब जेल में शिफ्ट किया गया था।
चोरी के मामले में मंगलवार को सुमेरपुर में पेशी पर लेकर आए थे। मंगलवार दिन में करीब 3 बजे कैदी ने लघुशंका का बहाना किया तो चालानी गार्ड के दो सिपाही उसे कोर्ट परिसर के पास ले जा रहे थे। इस दौरान कैदी ने दोनों गार्ड को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और वहां पहले से ही बाइक लेकर तैयार खड़े साथी के साथ फरार हो गया।