जोधपुर. मसूरियानट बस्ती के बाहर रविवार रात आठ बजे अवैध शराब की बिक्री के विवाद को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव शुरू हो गया। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी जाब्ता के साथ मौके पर पहुंच मामला शांत करवाया। लोगों ने बताया कि मसूरिया नट बस्ती के बाहर रात अवैध शराब की बिक्री होती है। इस कारण यहां ऑमलेट बनाने वाले ठेले लगे रहते और शराबी आए दिन उत्पात मचाते हैं।
रविवार रात अाठ बजे ऑमलेट के ठेले पर दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने कांच की बोतलें फेंकी तो दूसरे पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसीपी बोरानाडा नाजिम अली, एसीपी प्रतापनगर परमाल सिंह, प्रतापनगर थानाधिकारी भंवर लाल, चौहाबो थानाधिकारी अमित सिहाग, सूरसागर थानाधिकारी मदन बेनीवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच मामला शांत करवाया। देर रात मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
मसूरिया नट बस्ती के बाहर मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।