पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘भास्कर’ की मुहिम के बाद एक हजार स्टूडेंट्स को मिला यूजी कोर्स में एडमिशन

‘भास्कर’ की मुहिम के बाद एक हजार स्टूडेंट्स को मिला यूजी कोर्स में एडमिशन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में बीए, बीकॉम बीएससी प्रथम वर्ष के प्रवेश फाॅर्म में गलत ऑप्शन क्लिक करने वाले स्टूडेंट्स को यूनिवर्सिटी ने बड़ी राहत दी है। सभी संकायों संस्थानों में मौजूदा कट ऑफ तक के स्टूडेंट्स को एक हजार रुपए जुर्माने के बाद प्रवेश दे दिया गया है। इसमें करीब एक हजार स्टूडेंट्स को फायदा मिला है। फाॅर्म भरते समय स्टूडेंट्स ने एक ऑप्शन असमंजस में गलत भर दिया था।
करीब ढाई हजार स्टूडेंट्स की इस समस्या को दैनिक भास्कर में 1 सितंबर को प्रकाशित किया गया था। इसके अगले दिन कुलपति कार्यालय में आयोजित डीन-डायरेक्टर्स की बैठक में स्टूडेंट्स के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया था। सेल्फ की सीटों पर लास्ट कट ऑफ तक के स्टूडेंट्स को प्रवेश दे दिया गया है। इनकी प्रवेश सूची जेएनवीयू की वेबसाइट पर सोमवार सुबह 11 बजे जारी कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में सामान्य फीस की सीटों के अलावा सेल्फ फाइनेंस सीटों (एसएफएस) पर भी प्रवेश दिया जा रहा था। फॉर्म में एक ऑप्शन था कि क्या स्टूडेंट एसएफएस सीट पर प्रवेश लेना चाहता है। कई स्टूडेंट्स ने असमंजस में गलत ऑप्शन क्लिक कर दिया था। इससे स्टूडेंट्स को ज्यादा प्रतिशत होने के बावजूद भी प्रवेश नहीं मिल पाया। ऑनलाइन टीम की ओर से करीब ढाई हजार ऐसे स्टूडेंट्स की सूची तैयार कर कुलपति प्रो. बीएस राजपुरोहित को दे दी गई।
मंगलवार को कुलपति कार्यालय में इस मामले में आयोजित बैठक में तय किया गया कि जिस संकाय संस्थान में वर्तमान में जो कट ऑफ चल रही है, उस कट ऑफ तक के गलत ऑप्शन भरने वाले स्टूडेंट्स को प्रवेश दे दिया जाए, लेकिन इसके लिए उन्हें एक हजार रुपए जुर्माना राशि जमा करवानी होगी। इधर विज्ञान संकाय की चौथी कट ऑफ सूची भी जारी कर दी गई है। इस सूची में कट ऑफ सामान्य 70.8, ओबीसी 70.2, एसबीसी 59.6, एससी 61.6 रही है। जेएनवीयू के कुलसचिव गोविंदसिंह चारण ने बताया कि एसएफएस सीटों पर प्रवेश के लिए गलत ऑप्शन भरने वाले स्टूडेंट्स को राहत दी है। इससे करीब एक हजार स्टूडेंट्स को फायदा मिला है।