नवरात्रि में होगा दुर्गा पूजन
बजरंगदल के सान्निध्य में नवरात्रि में कस्बे में दुर्गा पूजन का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय रविवार को बाप बजरंग दल की यहां हुई बैठक में लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि नवरात्रि में देशभर में शारदीय नवरात्रा महोत्सव में दुर्गापूजा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी के अंतर्गत बाप कस्बे में भी दुर्गा पूजन किया जाएगा। जिला संयोजक जोधपुर नरेश कुमार ने बताया कि देशभर में 2 नवम्बर को रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में सवा लाख लोग रक्तदान करेंगे। उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों से रक्तदान के लिए युवाओं को प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में 10, 11 12 अक्टूबर को हरिद्वार में बजरंग दल के होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान फलौदी जिला सह संयोजक गोविंदसिंह, प्रखंड बाप संयोजक मोतीलाल पालीवाल, विहिप बाप अध्यक्ष रामचंद्र सोलंकी, लक्ष्मीनारायण रामावत सहित कई उपस्थित थे।