- Hindi News
- एक साल बाद बेटे को देख छलकी माता पिता की आंखें
एक साल बाद बेटे को देख छलकी माता-पिता की आंखें
भीलवाड़ा | एकसाल पहले लापता हुए मासूम बेटे को रविवार सुबह देख माता-पिता की आंखें छलक गई। बेटा भी आंसू नहीं रोक पाया। बिलखते हुए माता-पिता दादा से लिपट गया। वह बोला दोबारा कभी छोड़कर नहीं जाऊंगा। बालगृह में रह रहे इस बच्चे को माता-पिता बिलाड़ा (जोधपुर) ले गए। बिलाड़ा के मालाराम भील ने बताया कि बेटा विष्णु (8) एक साल पहले बहन के साथ स्कूल जाने घर से निकला। वह रास्ते से गायब हो गया। विष्णु का कहना है कि वह ट्रेन में बैठकर दिल्ली चला गया था। विदित रहे कि दिल्ली पुलिस ने 10 सितंबर को विष्णु को समिति के सामने पेश किया था। इस बच्चे को दिल्ली की बाल कल्याण समिति ने बिलाड़ा भेजने के बजाय गफलत में भीलवाड़ा भिजवा दिया था। यह बालक एक साल से दिल्ली के आशा गृह में था। विष्णु ने कहा कि उसका अपहरण नहीं हुआ, बल्कि अपनी मर्जी से वह गया था। दो साल पहले भी विष्णु घर छोड़कर उत्तरप्रदेश के कानपुर शहर चला गया था। वहां वह चाइल्ड लाइन को मिल गया था। वहां से आने के दस दिन बाद ही विष्णु दुबारा घर से निकल गया था।