जोधपुर. गणेशपुरा से मसूरिया जाने के लिए एक महिला ने टैक्सी की। इस दौरान रास्ते में टैक्सी चालक ने छेड़छाड़ कर दी। महिला चिल्लाई तो कुछ लोग मौके पर आए और महिला को बाहर उतारा। इस प्रयास में एक युवक टैक्सी चालक की गर्दन पकड़े हुए था। चालक ने टैक्सी स्टार्ट कर युवक को अपने साथ भगा ले गया। इस दौरान अपने पीछे रहे लोगों को देखकर टैक्सी चालक नियंत्रण खो बैठा और पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को छुड़ाया और टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सरदारपुरा पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात 11:30 बजे मसूरिया बस्ती रहने वाली एक महिला ने गणेशपुरा से अपने घर जाने के लिए टैक्सी किराए पर ली। टैक्सी चालक ने महिला को गलियों में घुमाते हुए, सरदारपुरा थाने के पीछे डी रोड पर सुनसान जगह ले जाकर महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इस दौरान महिला के शोर मचाने पर वहां रहने वाले यश लोहिया ने महिला की आवाज सुन अपने परिजनों के साथ बाहर आया। लोहिया ने महिला को टैक्सी चालक के चंगुल से छुड़ाया। इस पर टैक्सी चालक भागने लगा तो उसने चालक की गर्दन पकड़ ली।
इस प्रयास में युवक भी टैक्सी में लटक गया और टैक्सी चालक टैक्सी को तेज रफ्तार से भगा ले गया। युवक के चिल्लाने पर कार में सवार कुछ लोगों ने टैक्सी का पीछा किया। इस दौरान नेहरू पार्क के पास रेलवे कॉलोनी में टैक्सी अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। लोगों ने युवक को छुड़ाया और टैक्सी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। इस पर पुलिस ने भदवासिया निवासी कालूराम पुत्र सुरजाराम सांसी को गिरफ्तार कर लिया।
फोटो- जांबाज युवक यश लोहिया