जोधपुर. मंडोर थाना क्षेत्र में वार्ड 64 में पेतलाव नाडी में जारी विकास कार्य को लेकर एक शख्स ने कांग्रेस कार्यकर्ता के नाम से झूठी शिकायत लिखकर विभिन्न विभागों में भेज दी। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता ने उसके नाम से झूठी शिकायत भेजने वाले शख्स के खिलाफ मंडोर थाने में मामला दर्ज करवाया। वहीं विकास कार्य में फर्जीवाड़े की शिकायत की एसीबी जांच कर रही है।
पुलिस ने सोमवार को पीड़ित के बयान लिए। मंडोर पुलिस ने बताया कि जोधपुर शहर जिला युवक कांग्रेस सचिव लक्ष्मणसिंह सोलंकी ने शनिवार को पुलिस में रिपोर्ट दी कि एक शख्स ने उसके नाम का दुरुपयोग कर मंडोर क्षेत्र वार्ड 64 में पेतलाव नाड़ी में हो रहे विकास कार्य में फर्जीवाड़ा होने की झूठी शिकायत मुख्यमंत्री, लोकायुक्त जयपुर, मुख्य शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग जयपुर, नगर निगम, संभागीय आयुक्त जोधपुर, कलेक्टर, जेडीए, सीईओ नगर निगम एसीबी विभाग में भेज दी। मामले की जांच कर रहे हैं।