जोधपुह. महात्मागांधी अस्पताल में एक माह से चल रहे फिजिकल मेडिसिन एंड रिहेबलिटेशन (पीएमआर) विभाग का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को उद्योग मंत्री एवं जिला प्रभारी गजेंद्र सिंह खींवसर करेंगे। लंबे इंतजार के बाद पीएमआर विभाग में एक सहायक आचार्य आने के बाद नवंबर से ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई थी। विभाग शुरू होने पर यहां दस बेड की इंडोर सेवाएं भी शुरू करना प्रस्तावित है, लेकिन शनिवार तक विभाग के नाम पर कोई नर्सिंगकर्मी नहीं लगाए गए थे। कई तरह के उपकरणों का भी अभाव है। सरकार की वर्षगांठ पर आनन-फानन में उद्घाटन कराने के निर्णय के चलते रविवार रात तक अस्पताल अधीक्षक डॉ.पीसी व्यास खुद व्यवस्थाओं के लिए विभाग में जमे रहे। उद्घाटन के समय सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास शहर विधायक कैलाश भंसाली आदि मौजूद रहेंगे।