इस बार जिले से चुने जाएंगे 16 प्रधान
बिलाड़ा. आगामी पंचायतीराज चुनाव में जोधपुर जिले में 16 प्रधान चुने जाएंगे। जबकि, पिछले बार इनकी संख्या 10 ही थी। जिले में नवसृजित छह पंचायत समितियां बनने के बाद जिले का राजनैतिक परिदृश्य भी बदल गया है। इससे कई पुराने प्रधानों की राजनीति प्रभावित होगी और कई नए नेताओं को राजनीति में आने का मौका मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा नवसृजित पंचायत समितियों ग्राम पंचायतों की घोषणा के बाद लोगों द्वारा न्यायालय में रिट लगाने के कारण इस बार होने वाले पंचायतीराज चुनावों को लेकर संशय चल रहा था वो अब पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। अब निर्वाचन आयोग ने नवसृजित पंचायत समितियों ग्राम पंचायतों के अनुसार ही चुनाव के आदेश जारी किए हंै। जोधपुर जिले में बिलाड़ा, फलौदी, ओसियां, बाप, शेरगढ़, बालेसर, भोपालगढ़, पीपाड़ शहर, बापिणी, तिंवरी, देचू, सेखाला, लोहावट, बावड़ी, लूणी मंडोर पंचायत समिति है।
अब लॉटरी का इंतजार
विभागद्वारा नवसृजित पंचायत समितियों ग्राम पंचायतों के अनुसार ही चुनाव करवाने के आदेश के बाद लोगों को लॉटरी निकलने का इंतजार है। लोगों की उत्सुकता इसी बात को लेकर है कि कौनसी सीट किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी। साथ ही मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन हो जाने के कारण लोग अब इस सूची में अपना नाम अपने समर्थकों का नाम इस सूची में देखने जुड़वाने के कार्य में भी व्यस्त हो गए है।